
Varanasi: हिंदुओं की आस्था के केंद्र श्री काशी विश्वनाथ धाम को बदले स्वरूप के साथ मां गंगा को साक्षी मानकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व को समर्पित करेंगे. 700 करोड़ की लागत से करीब 33 महीने में काशी-विश्वनाथ कॉरिडोर तैयार किया गया है. रवियोग के अद्भुत संयोग में राजोपचार विधि से देश की सभी नदियों के जल से काशीपुराधिपति का अभिषेक कर पीएम मोदी मुख्य यजमान बनेंगे और षोड्षोपचार विधि से आदि विश्वेश्वर का पूजा अनुष्ठान करेंगे. इस यादगार आयोजन बाबा भोले की नगरी काशी दुल्हन की तरह सजी हुई है.
Tomorrow, 13th December is a landmark day. At a special programme in Kashi, the Shri Kashi Vishwanath Dham project will be inaugurated. This will add to Kashi’s spiritual vibrancy. I would urge you all to join tomorrow’s programme. https://t.co/DvTrEKfSzk pic.twitter.com/p2zGMZNv2U
— Narendra Modi (@narendramodi) December 12, 2021
गंगा तट से मंदिर के गर्भगृह तक बने काशी विश्वनाथ धाम का यह नया स्वरूप 241 साल बाद दुनिया के सामने आ रहा है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पर वर्ष 1194 से लेकर 1669 तक कई बार हमले हुए. 1777 से 1780 के बीच मराठा साम्राज्य की महारानी अहिल्याबाई होलकर ने मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था. इसके बाद पीएम मोदी ने आठ मार्च 2019 को मंदिर के इस भव्य दरबार का शिलान्यास किया था.
परिषद के महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने बताया कि पीएम का अनुष्ठान 22 मिनट में संपन्न हो जाएगा. पीएम के आगमन से पहले ही सुबह बाबा की मंगलाआरती के बाद वैदिक विद्वान चारों वेदों की ऋचाओं और मंत्रों का पारायण शुरू हो जाएगा. सुबह 11 बजे बाबा के गर्भगृह के बाहर पंचांग पूजन, गौरी-गणेश का पूजन किया जाएगा. प्रधानमंत्री जब बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ का अनुष्ठान करेंगे उस दौरान 51 बटुक वेदों का सस्वर पाठ करेंगे. श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण रेवती नक्षत्र में होंगे. राम मंदिर के लिए मुहूर्त तैयार करने वाले आचार्य गणेश्वर शास्त्री द्राविड़ ने बताया कि 13 दिसंबर को रेवती नक्षत्र में दिन में 1:37 बजे से 1:57 बजे तक 20 मिनट का शुभ मुहूर्त प्राप्त हुआ है.
श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण समारोह का सीधा प्रसारण देखने की व्यवस्था देश के 51 हजार स्थानों पर की गई है. इसमें 27 हजार स्थान यूपी के हैं. लोकार्पण समारोह से ठीक पहले रविवार की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी विश्वनाथ धाम की नई तस्वीरें अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट की हैं. धाम की चार अलग अलग फोटो साझा करते हुए काशी में इस विशेष आयोजन की सूचना भी दी है. उन्होंने लोगों को इससे जुड़ने की भी अपील की है.




