
Ahmedabad : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में उन पर तीखा हमला बोला और कहा कि देश में चारों तरफ नफरत फैलाई जा रही है, जिसका सभी को मिलकर मुकाबला करना है. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सचेत किया कि असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की लगातार कोशिश की जाएगी, लेकिन वे रोजगार, किसानों और महिला सुरक्षा के मुद्दों को लेकर सवाल पूछते रहें.
‘जो हो रहा है, उसे देख दुख होता है’
करीब सात मिनट के नपे-तुले भाषण में प्रियंका ने कांग्रेस की जनसभा में कहा, ‘‘पहली बार गुजरात आई हूं और पहली बार उस साबरमती आश्रम गई जहां से महात्मा गांधी ने आजादी के लिए संघर्ष की शुरुआत की थी. वहां बैठकर लगा कि आंखों में आंसू आ जाएंगे. उन लोगों की याद आई जिन्होंने देश के लिए अपना सबकुछ न्यौछावर कर दिया.’’ उन्होंने कहा, ‘‘ यह देश प्रेम, सद्भाव और आपसी प्यार के आधार पर बना है. आज जो कुछ देश में हो रहा है उससे दुख होता है.’’
इसे भी पढ़ेंःमसूद अजहर आज घोषित होगा वैश्विक आतंकवादी ? या फिर से चीन लगायेगा अड़ंगा
‘जागरुकता सबसे बड़ा हथियार’
कांग्रेस महासचिव ने लोगों का आह्वान करते हुए कहा, ‘इससे बड़ी कोई देशभक्ति नहीं है कि आप जागरुक बनें. आपकी जागरुकता एक हथियार है, आपका वोट एक हथियार है, लेकिन ये एक ऐसा हथियार है जिससे किसी को चोट नहीं पहुंचानी, किसी को दुखी नहीं करना, किसी को नुकसान नहीं पहुंचाना है. ये एक ऐसा हथियार है जो आपको मजबूत बनाएगा.’
‘आप अपना भविष्य चुनने जा रहे हैं’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आपको बहुत गहराई से सोचना पड़ेगा कि ये चुनाव क्या है? इसमें आप क्या चुनने जा रहे हैं? आप अपना भविष्य चुनने जा रहे हैं, फिजूल के मुद्दे नहीं उठने चाहिए, जो मुद्दे उठने चाहिए वो ये होने चाहिए कि आपके लिए सबसे महत्वपूर्ण क्या है? आप आगे कैसे बढ़ेंगे? नौजवानों को रोजगार कैसे मिलेगा? महिलाएं खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगी? आगे कैसे बढ़ेंगी? किसानों के लिए क्या किया जाएगा?’’ प्रियंका ने कहा कि ये चुनावी मुद्दे हैं और आपकी जागरुकता ही इन मुद्दों को आगे ला सकती है.
इसे भी पढ़ेंःआतंकी मसूद अजहर को ‘जी’ कहने पर राहुल के खिलाफ शिकायत, मुजफ्फरपुर में परिवाद पत्र दायर
‘क्या आपके खाते में आये 15 लाख रुपये’
उन्होंने प्रधानमंत्री का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘जो आपके सामने बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, बड़े-बड़े वादे करते हैं, उनसे पूछिए कि जो 2 करोड़ रोजगार, जिनका उन्होंने आपको वचन दिया था, वो रोजगार कहां है? उनसे पूछिए कि जो 15 लाख आपके खाते में आने थे, वो 15 लाख कहां गए? जिन महिलाओं की सुरक्षा की बात करते थे, उन महिलाओं को किसने पूछा है इन पांच सालों में?’’
‘फैलायी जा रही नफरत’
कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘आगे आने वाले दो महीनों में आपके सामने तमाम मुद्दे उछाले जाएंगे, आपकी जागरुकता ही इस देश को बनाएगी. ये आपकी जिम्मेदारी है, आपकी देशभक्ति इसी में प्रकट होनी चाहिए.’’ प्रियंका ने कहा, ‘‘ आवाज यहीं से उठनी चाहिए. आप उन्हें बताइए कि इस देश की फितरत क्या है? इस देश की फितरत है कि नफरत की हवाओं को प्रेम एवं करुणा में बदलेगी.’’
उन्होंने कहा, ‘‘ आने वाले दिनों में सही निर्णय लीजिए. सही सवाल करिए. यह देश आपने बनाया है. यह (चुनाव) आजादी की लड़ाई से कम नहीं है. संस्थाएं नष्ट की जा रही है. जहां देखिए वहां नफरत फैलाई जा रही है. हम मिलकर काम करें और एकजुट होकर आगे बढ़ें.’’
इसे भी पढ़ेंःइथियोपिया विमान हादसे के बाद भारत ने भी बोइंग 737 मैक्स 8 विमानों पर लगाया प्रतिबंध




