JharkhandLead NewsRanchi

जालसाजों से सावधान : ऑनलाइन जॉब दिलाने के नाम पर हो रही है ठगी

Ranchi: साइबर ठग लोगों के खातों से पैसे उड़ाने के लिए नई-नई जुगत लगाते रहते हैं. किसी न किसी तरीके से वो कई बार खातों को खाली करने में सफल हो जाते हैं. नौकरी के नाम पर ऑनलाइन ठगी का धंधा नई बात नहीं है. कुछ वर्षों से फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह सक्रिय हो गए हैं. लोगों को मल्टी नेशनल कंपनी में जॉब का झांसा देकर ठगी की जा रही है. साइबर ठग लोगों को वर्चुअल इंटरव्यू के जरिये मैनेजर, को-ऑर्डिनेटर, प्रोजेक्ट ऑफिसर, अकाउंट ऑफिसर, सेल्स मैनेजर जैसे पोस्ट के लिए सेलेक्शन करने की बात करते हैं. विश्वास दिलाने के लिए बकायदा ऑनलाइन इंटरव्यू करवाया जाता है.

नौकरी के लिए साइबर ठग बेरोजगार युवाओं से रजिस्ट्रेशन, आवेदन की फीस, सिक्योरिटी मनी और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठग 2100 रुपये से लेकर 5100 रुपये तक जमा करवाते हैं. कोरोना महामारी के चलते काफी लोग बेरोजगार घूम रहे हैं. ऐसे में ये साइबर ठग लोगों को प्लेसमेंट एजेंसी बनकर कॉल कर रहे हैं. झांसे में आये लोगों को चूना लगा रहे हैं. इतना ही नही साइबर ठग, सरकारी नौकरी के नाम पर भी चूना लगा रहे हैं. झारखंड में ऐसे मामले सामने आने के बाद साइबर थाने की पुलिस ने अलर्ट जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि ऑनलाइन या ऑफलाइन जॉब ऑफर को स्वीकार करने से पहले मामले में पूरी तरह से जांच-पड़ताल कर लें.

वन विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी

दिसम्बर 2021 में वन विभाग की फर्जी बेवसाइट बना वनरक्षी की नौकरी देने का झांसा देने के आरोप में डोरंडा थाना की पुलिस ने प्रवीण कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया था. बोकारो सेक्टर-छह स्थित क्वार्टर नंबर- 1048 निवासी आरोपी दोस्त मनोज कुमार के साथ मिलकर गो डैडी के जरिये फर्जी बेवसाइट पर वन विभाग में नौकरी देने का विज्ञापन निकाला था. मामले की जानकारी मिलने पर मुख्य वन संरक्षक ओमप्रकाश ने जुलाई 2021 में डोरंडा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी़ थी. आरोपी पहले भी रेलवे की फर्जी बेवसाइट बना लाखों की ठगी कर चुका है.

अमेजन में पार्ट टाइम जॉब, 5 लाख 41 हजार की ठगी

नवम्बर 2021 में अमेजन में पार्ट टाइम में जॉब दिलाने के नाम पर 5 लाख 41 हजार रुपये की ठगी के आरोप में दो लोगों को धनबाद से गिरफ्तार किया गया था. आरोपी दीपक कुमार सिंह और रोहित कुमार सिंह रातू निवासी से अमेजन में पार्ट टाइम जॉब दिलाने के नाम पर ठगी की थी. एक अपराधी ऑटो पार्ट्स की दुकान में काम करता है, जबकि दूसरा बेरोजगार है.

ऑनलाइन इंटरव्यू फिर ठगी

बरियातू निवासी अमित कुमार नाम के युवक को ईमेल पर वर्क फ्रॉम होम से संबंधित लिंक भेजा गया. इस पर विजिट करने के बाद ऑनलाइन इंटरव्यू लिया गया. इसके बाद साइबर ठग ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर यूपीआइ के जरिये 4500 रुपये ट्रांसफर करा लिए. इसके बाद से न ईमेल का जवाब मिल रहा है, न ही फोन का. वहीं चुटिया निवासी सुधांशु कुमार के वाट्सएप पर वर्क फ्रॉम होम की नौकरी का ऑफर आया. वर्चुअल इंटरव्यू लिया गया. इसके बाद उसे सिटी मैनेजर का पोस्ट ऑफर किया गया. फिर, रजिस्ट्रेशन के नाम पर 3100 रुपये गूगल पे के जरिये भुगतान करवाया गया. इसके बाद ठगी करने वाले ने रिस्पांस करना बंद कर दिया.

राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी ने भी चेताया

नौकरी का झांसा देकर साइबर अपराधी बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बना रहे हैं. हाल ही में इसको लेकर राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी ने लोगों को चेताया. यह एजेंसी केंद्र सरकार की भर्तियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा आयोजित करवाती है. इसने लोगों से इसके नाम पर नौकरी की पेशकश करने वाली फर्जी वेबसाइट्स से सावधान रहने को कहा है. पता चला है कि राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी द्वारा भर्ती परीक्षाओं के कुछ नकली विज्ञापन इंटरनेट पर वेबसाइटों, यूट्यूब वीडियो में प्रकाशित किए जा रहे हैं. एनआरए ने इसकी जानकारी देते हुए एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया है. इसको लेकर एनआरए कार्रवाई में भी जुटी है. एनआरए ने सलाह दी है कि इस प्रकार के नकली विज्ञापनों, वेबसाइट्स और वीडियो से सावधान रहें.

इस तरह से लोगों को फांसते हैं

-जॉब रिक्रूटमेंट साइट से नौकरी तलाशने वाले की प्रोफाइल निकाली जाती है।
-जो शिकार बन सकते हैं, उन सभी को बल्क में मेल भेजा जाता है।
-फ्रॉड करने वाले खुद को जॉब कंसल्टेंट के तौर पर पेश करते हैं. ये अपनी फर्जी वेबसाइट, अस्थायी दफ्तर दिखाते हैं.
-लोगों से वॉलेट या बैंक ट्रासफर के जरिये रजिस्ट्रेशन फीस जमा करने के लिए कही जाती है.
-ऑनलाइन या टेलीफोन से इंटरव्यू किया जाता है.
-फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर भेजे जाते हैं.

ऐसे बचें ठगों से

– नौकरी तलाशने के लिए ऐसी वेबसाइट का चुनाव करें जो भरोसेमंद हो.
– किसी अनजान वेबसाइट को जरिया बनाकर नौकरी के लिए आवेदन करने से बचें.
– याद रखे कि किसी भी वेबसाइट पर अपने आवेदन में बैंक डिटेल को नहीं भरना है.
– अगर कोई आपसे नौकरी लगवाने के नाम पर रजिस्ट्रेशन फीस मांगे तो देने के बजाए सतर्कता बरतें.
– नौकरी दिलवाने के नाम पर आने वाले लिंक को क्लिक करने से बचें.
– ऑनलाइन नौकरी मिलने पर अपने जानकार या इंटरनेट पर इसकी जानकारी हासिल करें.
– ठगी होने पर फौरन मामले की सूचना साइबर पुलिस को दें.

Related Articles

Back to top button