
Ranchi: रांची जिले के एक प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (BEEO) के पति स्कूलों का निरीक्षण करते हैं. प्रधानाध्यापक /प्रभारी प्रधानाध्यापक से दस्तावेज की मांग करते हैं. इसकी शिकायत की गई है. इसके बाद मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं.
जानकारी के मुताबिक इस बारे में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक को शिकायत मिली है. उसमें कहा गया है कि रांची जिले के नामकुम प्रखंड के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विजया लक्ष्मी के पति द्वारा सरकारी कार्य में बाधा डाला जाता है. विद्यालय का अनाधिकृत रूप से निरीक्षण और अनुश्रवण एवं भयादोहन करते हैं. रांची के अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी ने 15 जून को रा०म०वि० (टाटीसिल्वे), रा० उ०म०वि० (जामचुआं), रा० उत्क्र०म०वि० (महिलॉग), रा० उत्क०म०वि० (कोचबांग), जी०पी०एस० (नयाभुसुर), रा० उत्क०म०वि० (राजाउलहातु), एन०एस०पी०एस० (बेरोटोली) के प्रधानाध्यापक /प्रभारी प्रधानाध्यापक को पत्र लिखा है.
अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी ने लिखा है कि आपके विद्यालय का प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी नामकुम के द्वारा पदस्थापन अवधि से लगातार उनके पति द्वारा अनाधिकृत रूप से विद्यालयों का निरीक्षण/अनुश्रवण किया जा रहा है. निरीक्षण के क्रम में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के पति द्वारा अभिलेखों को मांग एवं अनुभवण पंजी पर उनके द्वारा ही टिप्पणी लिखी जाती है. प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, नामकुम द्वारा केवल हस्ताक्षर किया जाता है. उपरोक्त प्राप्त शिकायत पत्र की जांच के लिए 16 जून, 2023 को सभी प्रधानाध्यापक /प्रभारी प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया गया है कि उक्त तिथि को अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में अपने-अपने विद्यालय से सभी अभिलेखों एवं कागजात के साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना सुनिश्चित करेंगे.




