
Palamu : पलामू एंटी कप्शन ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घूसखोर प्रखंड विकास पदाधिकारी को गिरफ्तार किया. हहिरगंज के बीडीओ जागा महतो को उनके हरिहरगंज प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सरकारी आवास से 7 हजार रूपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि उन्हें जिला मुख्यालय मेदिनीनगर लाया जा रहा है.

एसीबी के डीएसपी सह थाना प्रभारी करूणानंद राम ने बताया कि सिंचाई कूप योजना में एमबी बुक निर्गत करने के एवज में बीडीओ 7 हजार रूपये घूस के रूप में ले रहे थे. हरिहरगंज प्रखंड के तेतरिया निवासी संतोष कुमार यादव को सिंचाई कूप योजना स्वीकृत हुई थी. जिसका एमबी बुक निर्गत नहीं हो पाया था. आवेदक लगातार बीडीओ सहित अन्य कर्मियों से आग्रह करके परेशान था. बावजूद उसका काम नहीं हो पा रहा था.
एमबी बुक निर्गत करने के एवज में उसे रिश्वत की मांग की जा रही थी. बीडीओ से जब उसने संपर्क किया तो उससे 7 हजार रूपये बतौर घूस मांगे गए. संतोष कुमार यादव घूस नहीं देना चाहते थे. उन्होंने इस संबंध में एसीबी की मेदिनीनगर इकाई कार्यालय में शिकायत की.
शिकायत के आलोक में एसीबी की टीम ने मामले की जांच की और सही पाया. बाद में टीम बनाकर आवेदक के साथ मौके पर भेजा. हरिहरगंज प्रखंड कार्यालय परिसर में बने सरकारी आवास में बीडीओ जागा महतो ने जैसे ही संतोष कुमार यादव से घूस के पैसे लिए, उसी दौरान टीम में शामिल एसीबी के अधिकारी व जवानों ने बीडीओ 7 हजार रूपये लेते रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया.
मालूम हो कि गत 9 फरवरी को तरहसी प्रखंड की गोइंदी पंचायत के पंचायत सेवक उमाकांत सिंह को 17 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था. जनवरी महीने में भी एसीबी की ओर से कारवाई कर एक घूसखोर को गिरफ्तार किया गया था. वर्ष 2020 में पलामू एसीबी ने रिकार्ड ट्रेप केस को पूरा किया था. झारखंड में सबसे अधिक 19 मामले का खुलासा करते हुए आरोपितों को दबोचा है.




