
New Delhi: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की सालाना बैठक आज मुंबई में होगी. बेशक, बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी, लेकिन सबसे अधिक चर्चा सौरभ गांगुली की होगी. गांगुली की चर्चा की वजह यह है कि एक तो उनकी अध्यक्ष पद से विदाई हो रही है दूसरी आईसीसी चेयरमैन पद के लिए उनके नामांकन पर चर्चा होगी.
1983 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य रोजर बिन्नी का अध्यक्ष बनना तय है. उनका निर्विरोध चुना जाना भी तय है. इसके राजीव शुक्ला का उपाध्यक्ष, जय शाह का सचिव, आशीष शेलार का कोषाध्यक्ष, देवाजीत सैकिया का संयुक्त सचिव और अरुण धूमल का आईपीएल चेयरमैन बनना तय है. बोर्ड के सदस्य सलाना बैठक में इस बात को लेकर चर्चा करेंगे कि क्या बीसीसीआई को आईसीसी चेयरमैन पद के लिए अपना उम्मीदवार पेश करना चाहिए या मौजूदा चेयरमैन ग्रेक बार्कले को ही एक और कार्यकाल के लिए समर्थन देना चाहिए.
आईसीसी चेयरमैन पद के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 20 अक्तूबर है. 11 से 13 नवंबर तक मेलबर्न में होने वाली आईसीसी बोर्ड की बैठक में इस पर फैसला होगा. पिछले दिनों सौरव गांगुली के नाम की चर्चा आईसीसी चेयरमैन पद के लिए हुई, लेकिन अभी तक अंतिम मुहर नहीं लगी है. आईसीसी चेयरमैन पद के लिए खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन शामिल हैं.




