
Visakhapatnam: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने शनिवार को विश्व कप जाने वाले खिलाड़ियों को स्पष्ट संदेश दिया कि वे आईपीएल के दौरान खराब तकनीकी आदतें नहीं सीखें और सतर्कता से कार्यभार संभाले. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा करने के लिये IPL में अगर जरूरत हो तो वे मैचों से आराम भी ले सकते हैं.
बता दें कि 23 मार्च से शुरू हो रहा आइपीएल सात हफ्ते तक चलेगा और 12 मई को समाप्त होगा. और भारतीय टीम इसके 23 दिन बाद साउथम्पटन में पांच जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप का शुरूआती मैच खेलेगी.
कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी-20 मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘उन्हें सुनिश्चित करना होगा कि उनका खेल वनडे के हिसाब से ज्यादा खिसके नहीं. इसका मतलब है कि हमें उन खराब आदतों से सतर्क रहना होगा, जो आईपीएल के दौरान शामिल हो सकती हैं.’ कोहली के लिये राष्ट्रीय टीम का हित सर्वोपरि है, वह चाहते हैं कि उनके साथी आईपीएल के दौरान इन चीजों का ध्यान रखें.
उन्होंने कहा, ‘सभी खिलाड़ियों को आईपीएल के दौरान खराब आदतों को नहीं डालने के लिये निरंतर प्रयास करना होगा. ताकि इन पर लगाम लग सके. जैसे ही आप नेट में प्रवेश करते हो और खराब आदतें बनाने लगते हो, आप लय खो देते हो और बल्लेबाजी फार्म गंवा देते हो. और विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में फार्म में वापसी करना बहुत मुश्किल है.’ बता दें कि वनडे वर्ल्ड कप 2019 का आयोजन इंग्लैंड और वेल्स की सरजमीं पर 30 मई से किया जाएगा. इस बार विश्व कप में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी. और टूर्नामेंट में कुल 48 मैच खेले जाएंगे.
इसे भी पढ़ेंः भारत-पाक विश्व कप मैच पर सरकार के फैसले का सम्मान करेंगे : कोहली




