JharkhandLead NewsPalamuTOP SLIDER

पलामू में डॉक्टर के साथ मारपीट, ओपीडी बंद, 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

किशोरी का इलाज कराने पहुंचे थे मारपीट करने वाले, किशोरी की हो चुकी थी मौत

Palamu: मेदनी राय मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एक डॉक्टर के साथ मंगलवार की सुबह मारपीट की गयी. जिसके बाद डॉक्टर आंदोलन पर उतर आए हैं और ओपीडी सेवा बंद करा दी है. पुलिस से एफआइआर दर्ज करने की मांग के साथ ही 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गयी है. मांग पूरा नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी दी गयी है.

 

जानकारी के अनुसार मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार की सुबह करीब 6.30 बजे डॉक्टर रामाशंकर ड्यूटी पर थे. इसी बीच शहर के एक इलाके से कुछ लोग एक किशोरी को गंभीर हालत में लेकर अस्पताल पहुंचे. डॉक्टर रामाशंकर ने मरीज को देखकर उसका ईसीजी कराया. डॉक्टर के अनुसार ईसीजी रिपोर्ट में किशोरी मृत पाई गई. डॉक्टर रामाशंकर ने बताया कि इसके बाद भी किशोरी का इलाज करने के लिए दबाव बनाया गया.

 

उन्होंने जब परिजनों को बताया कि किशोरी की मौत हो चुकी है तो वह भड़क गए और इलाज नहीं करने का आरोप लगाकर मारपीट करने लगे. डॉक्टर ने कहा कि किशोरी की मौत फांसी लगाने से हुई थी. मारपीट का मामला अस्पताल के सीसीटीवी में कैद हो गया है. घटना के बाद आरोपी किशोरी का शव को लेकर मौके से फरार हो गए.मारपीट और हंगामा करने वाले लोग हमीदगंज इलाके के थे.

 

पुलिस ने श्मशान घाट से बॉडी किया जब्त

घटना के बाद पुलिसिया कार्रवाई तेज कर दी गई है. अस्पताल से किशोरी का बॉडी ले जाने के बाद परिजन उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे और शव लेकर स्थानीय श्मशान घाट पर पहुंच गए थे, इसकी सूचना मिलते ही टीओपी 3 प्रभारी अभिमन्यु कुमार दल बल के साथ श्मशान घाट पर पहुंचे और बॉडी को जब्त करके सदर अस्पताल भेज दिया शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उन पर कार्रवाई करने की तैयारी में है.

Related Articles

Back to top button