
- बदले हुए रूट से कांके आवास पहुंचाये गये सीएम
- घायल ट्रैफिक इंस्पेक्टर को मेडिका में भर्ती कराया गया
Ranchi : रांची शहर के किशोरगंज चौक पर शाम करीब पौने छह बजे सीएम काफिले की पेट्रोलिंग एस्कॉर्ट गाड़ी पर आक्रोशित लोगों ने हमला किया है. ये लोग ओरमांझी में एक युवती के साथ दुष्कर्म के बाद उसका सिर काट कर ले जाने की घटना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. हमले में ट्रैफिक इंस्पेक्टर नवल किशोर प्रसाद घायल हो गये हैं. उन्हें इलाज के लिए मेडिका हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है. प्रदर्शन कर रहे लोग पुलिस की विफलता और महिलाओं के खिलाफ अपराध की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ नारे लगा रहे थे.
बताया गया कि प्रोजेक्ट भवन से सीएम के निकलने के पहले उनका रूट क्लीयर कराने के लिए पेट्रोलिंग गाड़ी कांके रोड स्थित सीएम आवास की ओर जा रही थी, तभी प्रदर्शन कर रहे लोग किशोरगंज चौक पर अचानक रोड पर आ गये और गाड़ी को रोककर उसका शीशा तोड़ दिया. इसके पीछे सीएम के काफिले की गाड़ियां भी आ रही थीं. प्रदर्शनकारियों ने उन गाड़ियों को भी रोककर हंगामा किया.
इसकी जानकारी मिलते ही सीएम सिक्योरिटी का दस्ता एलर्ट हो गया. प्रोजेक्ट भवन से आवास लौट रहे सीएम हेमंत सोरेन की गाड़ी का रूट डायवर्ट कर उन्हें सेवा सदन अपर बाजार के रूट से कांके स्थित आवास ले जाया गया. प्रदर्शनकारियों के हंगामे की वजह से किशोरगंज चौक पर लगभग 45 मिनट तक अफरा-तफरी मची रही.

पुलिस बल और ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी मुश्किल से प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाकर आवागमन सुचारू कराया. विरोध और हंगामा कर रहे लोगों का कहना था कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस नाकाम साबित हुई है.
कुछ लोगों का कहना है कि यह प्रदर्शन और हंगामा सुनियोजित था. प्रदर्शनकारी पहले मुख्य सड़क को जोड़नेवाली बाईलेन में जमा थे. उन्हें पता था कि शाम में सीएम का काफिला प्रोजेक्ट भवन से निकलकर कांके जाता है.
जैसे ही सीएम काफिले की सायरन वाली पेट्रोलिंग गाड़ी की आवाज सुनाई पड़ी, प्रदर्शनकारियों का हुजूम अचानक से मुख्य सड़क पर आ गया और गाड़ी को रोक दिया. प्रदर्शनकारियों ने बैनर आदि भी ले रखा था. इस घटना को सीएम सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है. कोई भी जिम्मेदार अधिकारी घटना के बारे में फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहा है.
इसे भी पढ़ें : रांची के निजी स्कूल खुले : पहले दिन 30 फ़ीसदी पहुंचे बच्चे, सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शुरू हुई पढ़ाई
डीआइजी-एसएसपी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही डीआइजी अखिलेश झा, एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा, उपायुक्त छवि रंजन, ट्रैफिक एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग, और हटिया एएसपी विनीत कुमार समेत अन्य कई पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सीएम काफिले पर हमला करनेवाले लोगों के बारे में जानकारी जुटा कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है.
इसे भी पढ़ें : प. बंगाल सरकार जनगणना परिपत्र में सरना धर्म को शामिल करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजे




