Ranchi

अटल स्मृति वेंडर मार्केट : लॉटरी से 417 फुटपाथ दुकानदारों को मिला स्थायी ठिकाना, जतायी खुशी

  • हंगामा के बीच हुआ फुटपाथ दुकानदारों के बीच लॉटरी से दुकान का आवंटन

Ranchi : कचहरी रोड स्थित अटल स्मृति वेंडर मार्केट में गुरुवार को लॉटरी द्वारा फुटपाथ दुकानदारों के बीच दुकानों का आवंटन शुरू कर दिया गया. इस मार्केट में कचहरी चौक से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक के फुटपाथ दुकानदारों को बसाया जाना है. दुकान आवंटन को लेकर फुटपाथ दुकानदार यहां गुरुवार सुबह से ही लाइन में लगे हुए थे. हालांकि, इस दौरान अत्यधिक भीड़ होने के कारण कई बार दुकानदार आपस में ही उलझ गये. जानकारी के अनुसार 400 से अधिक दुकानदारों को दुकानें आवंटित कर दी गयीं.

इसे भी पढ़ें- अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के माध्यम से होगा झारखंड के इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिला

417 दुकानों के लिए वेंडर परिसर में हुई लॉटरी

वेंडर मार्केट का कार्य देख रहे सिटी मैनेजर विकास कुमार की मानें, तो 417 दुकानों के आवंटन के लिए लॉटरी दिन के 11 बजे से प्रारंभ की गयी. इसमें 301 लोगों को सिंगल दुकानें, 104 दुकानें टू इन वन व 12 दुकानें थ्री इन वन ओनर को दी गयीं.

सब्जी, मांस-मछली वालों को बसायें, तब लगायेंगे दुकान : नागेंद्र पांडेय

विकास कुमार ने कहा कि दुकानदारों को जहां एक ओर लॉटरी के माध्यम से दुकान का आवंटन किया जा रहा है, वहीं दुकानदारों को यह निर्देश भी दिया जा रहा है कि जिनको दुकानें आवंटित कर दी जा रही हैं, वे अपनी दुकानें शुक्रवार से लगानी शुरू करें. वहीं, दूसरी तरफ टाउन वेंडिंग कमिटी के सदस्य नागेंद्र पांडेय ने बताया कि नगर निगम द्वारा मार्केट में केवल कपड़ा, कंबल, जूता, बैग सहित सूखा आइटम बेचनेवाले दुकानदारों को दुकानें दी जा रही हैं. जबकि मांस, मछली व सब्जी बेचनेवालों को दुकानें मार्केट में नहीं दी जा रही हैं. ऐसे में निगम पहले सब्जी व मांस-मछली दुकानदारों को जयपाल सिंह स्टेडियम के किनारे बसाये, तभी बाकी के फुटपाथ दुकानदार अपनी दुकानें लगायेंगे.

इसे भी पढ़ें- रांचीः साधना न्यूज के दफ्तर में दो सगे भाइयों की लाश मिलने से सनसनी

दुकानदारों ने जतायी खुशी

इस दौरान 20 से 22 साल से सड़क किनारे दुकान लगा रहे इन दुकानदारों ने दुकान मिलने से खुशी जतायी. कहा कि कई वर्षों से कचहरी चौक के समीप सड़क किनारे दुकान लगा रहे थे. अतिक्रमण अभियान के दौरान उन्हें कई परेशानियां होती थीं. अब एक स्स्थायी ठिकाना मिला, इससे काफी खुश हैं. सड़क किनारे दिन भर खड़े रहकर दुकानदारी करना काफी कठिन होता था. गर्मी व बरसात की मार अलग ही पड़ती थी. अब दुकान मिली है, तो बेहतर तरीके से व्यवसाय करेंगे.

विरोध कर धरने पर बैठे कई फुटपाथ दुकानदार

वेंडर मार्केट में दुकान आवंटन के विरोध में कई दुकानदार मार्केट के बाहर ही धरने पर बैठ गये. इनका कहना है कि वे भी पिछले 20 सालों से सड़क किनारे दुकान लगा रहे हैं, लेकिन नगर निगम द्वारा तैयार की गयी फुटपाथ दुकानदारों की सूची में उनका नाम ही नहीं है. इस कारण उन्हें लॉटरी में भाग लेने से रोका जा रहा है. दुकानदारों ने कहा कि टाउन वेंडिंग कमिटी के सदस्यों ने मनमानी की है. जिस दुकानदार से माल मिला है, उसका नाम सूची में दर्ज करा दिया गया है. हमलोग गरीब हैं, किसी प्रकार की कोई राशि नहीं दे सके, इसलिए हमलोगों का नाम सूची से बाहर कर दिया गया है.

अटल स्मृति वेंडर मार्केट : लॉटरी से 417 फुटपाथ दुकानदारों को मिला स्थायी ठिकाना, जतायी खुशी

इसे भी पढ़ें- रांचीः साधना न्यूज के दफ्तर में दो सगे भाइयों की लाश मिलने से सनसनी

Related Articles

Back to top button