
Ranchi: विधानसभा चुनाव के दौरान राज्य की पुलिस और सीआरपीएफ के बीच तालमेल बिगड़ते हुए देखा गया. यह मामला अब और आगे बढ़ गया है.
चुनाव के दौरान पुलिस-सीआरपीएफ में हुए आरोप-प्रत्यारोप के मामले को लेकर सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट राहुल सोलंकी ने पुलिस मुख्यालय के आइजी नवीन कुमार सिंह को लीगल नोटिस भेजा है. उन्होंने नोटिस में पुलिस पर कई तरह के आरोप लगाए हैं.
इसे भी पढ़ेंः सीआरपीएफ को है व्यवस्था को लेकर शिकायत, पुलिस कहती नहीं है कोई परेशानी, जानिए क्या है ग्राउंड रिपोर्ट
क्या था मामला
दरअसल विधानसभा चुनाव के दौरान सीआरपीएफ की बटालियन 222 के जवान असिस्टेंट कमांडेंट राहुल सोलंकी के नेतृत्व में ड्यूटी पर तैनात थे. पहले और दूसरे चरण का चुनाव कराने के बाद पलामू और चाईबासा से सीआरपीएफ की टुकड़ी आठ दिसंबर को रांची के खेलगांव में पहुंची.
चुनावी ड्यूटी के दौरान सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट ने यह आरोप लगाया था कि स्थानीय पुलिस की वजह से टुकड़ी के जवानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. आरोप था कि पुलिस की तरफ से जो पानी पीने के लिए जवानों को दिया गया था, वो वाटर केनन से पहुंचाया जा रहा था. पानी बदबूदार और लाल रंग का था.
जवानों के काफी थके होने के कारण उन्हें उसी बदबूदार पानी से काम चलाना पड़ा. शौचालय का इंतजाम नहीं होने की वजह से जवानों को खुले में शौच जाना पड़ा था. इस बात की शिकायत असिस्टेंट कमांडेंट राहुल सोलंकी ने अपने वरीय अधिकारियों से भी की थी. जिसके बाद वरीय अधिकारियों ने टुकड़ी को वापस छत्तीसगढ़ के बीजापुर कैंप बुला लिया.
इसे भी पढ़ेंःचुनाव के लिए आये CRPF के जवानों को नहीं हो रही कोई परेशानी, रांची और बोकारो पुलिस ने सौंपी रिपोर्ट
अब असिस्टेंट कमांडेंट ने भेजा नोटिस
सीआरपीएफ के कमांडेंट के लीगल नोटिस में कहा गया है कि असिस्टेंट कमांडेंट के वरीय अधिकारी को परेशानी की सूचना देने के बाद स्थानीय पुलिस ने अपने स्तर से एक जांच करायी. जांच में सामने आया कि सारे आरोप लगत है. साथ ही आरोप लगाया गया कि परेशानियों के लिए सीआरपीएफ के कमांडेंट ने किसी भी संबंधित पुलिस अधिकारी से संपर्क नहीं किया.
रिपोर्ट में असिस्टेंट कमांडेंट को एक स्थानीय होटल के कमरे में ठहराये जाने की बात कही गयी, जिसे कमांडेंट राहुल सोलंकी गलत बता रहे हैं.
इस पूरे मामले को लेकर मीडिया में खबर भी आयी, जिस पर राहुल सोलंकी की तरफ से आरोप लगाया गया कि मीडिया हाउस को गलत जानकारी देकर एक खबर भी प्रकाशित करायी गयी.
आरोप ये भी है कि सीआरपीएफ अधिकारी की पर्सनल जानकारी भी मीडिया के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचायी गयी. आरोप लगाया गया है कि एक सीआरपीएफ कमांडर की पर्सनल जानकारी सार्वजनिक करना पूरी टुकड़ी को खतरे में डालने के जैसा है.
साथ ही ऐसा करना भारतीय संविधान के आर्टिकल 324 का उल्लंघन है. पुलिस की तरफ से ऐसा किए जाने से सीआरपीएफ को शॉर्ट नोटिस में अपने कई कमांडर बदलने पड़े. इसकी वजह से भारत सरकार को लाखों का खर्च उठाना पड़ा.
असिस्टेंट कमांडेंट को झेलनी पड़ी मानसिक प्रताड़ना
नोटिस में सीआरपीएफ असिस्टेंट कमांडेंट राहुल सोलंकी के वकील ने लिखा है कि मीडिया हाउस को गलत जानकारी देने की वजह से उनके क्लाइंट को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस वजह से वो मानसिक रूप से प्रताड़ित हुए.
ऐसा करने से उनके क्लाइंट और उनके परिवार मानसिक रूप से काफी परेशान रहे. इसलिए आप सार्वजनिक रूप से राहुल सोलंकी से माफी मांगे और अपने गलत बयान को वापस लें. अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो मुझे मेरे क्लाइंट की तरफ से आप पर कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ेंःसुपौल में पंचायत का तालिबानी चेहराः प्रेमी जोड़े की खूंटे से बांधकर पिटायी, आरोपी सरपंच फरार




