
Ranchi: कोरोना संक्रमण के मद्देनजर सरकार की मनाही के बावजूद हिंदपीढ़ी इलाके के लेक रोड और सेकेंड स्ट्रीट में मंगलवारी जुलूस निकाले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. इस प्राथमिकी के बाद विरोध शुरू हो गए हैं. एक पक्ष द्वारा साजिश के तहत प्राथमिकी कराए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं. विश्व हिंदु परिषद सहित अन्य संगठनों ने इस कार्रवाई का विरोध किया है. इस मामले में रांची सीओ प्रकाश कुमार के बयान पर हिंदपीढ़ी थाने में छह नामजद सहित 35 से 40 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
महावीर मंडल के पूर्व अध्यक्ष चुन्नू सहित 35 से 40 अज्ञात पर हुई है प्राथमिकी
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन और पाबंदियों का उल्लंघन कर जुलूस निकाली गई. संक्रमण फैलाने और कोरोना गाइडलाइन उल्लंघन से संबंधित धाराओं में केस दर्ज की गई है. जिसमें महावीर मंडल के पूर्व अध्यक्ष चुन्नू मिश्रा, राम सिंह, रोहत पांडे, शक्ति रामायण, सोनू सिंह, अर्जुन सिंह सहित 35 से 40 अज्ञात को आरोपित बनाया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. जबकि आरोपियों को सीआरपीसी 41 ए के तहत नोटिस भी भेजा गया है. जिसमें सभी को अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: CBSE ने बोर्ड परीक्षाओं को लेकर दी सफाई, कोरोना पॉजिटिव छात्रों को दी राहत




