
Mumbai: रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी ने अपनी जान को खतरा बताया है. अर्नब ने मुंबई पुलिस पर उन्हें पीटने का आरोप लगाया है. जानकारी हो कि आत्महत्या के लिए उकसाने के दो साल पुराने मामले में अर्नब को पुलिस ने चार नवंबर को गिरफ्तार किया था. अर्नब ने आरोप लगाया था कि गिरफ्तारी के दौरान भी उन पर और उनके परिजनों पर पुलिस ने हमला किया था. इसकी वजह से उनके बायें हाथ पर छह इंच का घाव हुआ और उनकी रीढ़ की हड्डी में भी गंभीर चोट आई है.
इसे भी पढ़ें:DPS रांची की ऑनलाइन क्लास की हैक, अश्लील तस्वीरें डालीं, म्यूजिक बजाया
बांबे हाई कोर्ट से भी अर्नब को नहीं मिली राहत
वैसे अर्नब की मुसीबत कम होती दिखाई नहीं दे रही है. बांबे हाई कोर्ट से अर्नब गोस्वामी को शनिवार को भी जमानत नहीं मिल सकी. सभी पक्षों को सुनने के बाद बांबे हाई कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया. सुनवाई कर रही पीठ ने कहा कि वह उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से विचार-विमर्श के बाद जल्द फैसला सुनाएगी. उच्च न्यायालय का कहना है कि इस बीच सभी पक्ष सत्र न्यायालय में जाने के लिए स्वतंत्र हैं.
इसे भी पढ़ें:रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी की जमानत याचिका पर फैसला सोमवार को
उधर, अलीबाग पुलिस ने सत्र न्यायालय में रायगढ़ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश को चुनौती दी है, जिसमें अर्नब को 18 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. इस मामले में भी सोमवार को सुनवाई होनी है. अर्नब के वकील उच्च न्यायालय में लगातार आरोप लगाते आ रहे हैं कि राज्य सरकार अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर रही है. वह अर्नब द्वारा सरकार की कमियां उजागर करने एवं उसके विरुद्ध सवाल खड़े करने के कारण उन्हें प्रताड़ित कर रही है.
इसे भी पढ़ें:पहली जनवरी से सभी चार पहिया वाहनों के लिए FASTags अनिवार्य




