
Ranchi: गोंदा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए पति-पत्नी के हत्यारों को पुलिस अब तक नहीं ढूंढ पायी है. कांके रोड तितली टोली में पुलिस ने एक बंद कमरे में दंपति की लाश बरामद की थी. पति के सिर और गले में प्रहार किया गया था, जबकि पत्नी का गला रेता गया और सीने में भी नुकीले हथियार से प्रहार कर हत्या की गई थी.
दोनों को शराब पिलाया और मार डाला
घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची थी, टीम ने कमरे से सभी नमूने एकत्र किए हैं. जांच के दौरान पुलिस को वहां से शराब पीने के सबूत भी मिले हैं. पुलिस को जानकारी मिली है कि तेतरु पाहन के यहां अक्सर कुछ लोग शराब पीने आया करते थे. पुलिस आशंका जता रही है कि हत्या करने से पहले दोनों पति-पत्नी को जमकर शराब पिलाया गया है जब दोनों शराब के नशे में बेसुध हो गए तब बड़ी ही बेरहमी के साथ उनकी हत्या कर दी गई. शराब के नशे में होने की वजह से पति-पत्नी की चीखें कमरे से बाहर नहीं गई जिसका फायदा उठाकर हत्यारे बड़े आराम के साथ फरार हो गए.
इसे भी पढ़ें: कांग्रेस विधायक संतोष मिश्रा के भतीजे को घर में घुस कर 5 गोली मारी, मौत
जिस कमरे में दंपति की लाश मिली थी वह कमरा भीतर से बंद नहीं था. जबकि बाहर से भी कुंडी बंद नहीं किया गया था. पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार शुक्रवार दिन के करीब 12.30 बजे भांजा दंपति के कमरे के पास से गुजर रहा था. दरवाजे को थोड़ा धक्का देने पर दरवाजा खुल गया, फिर देखा कि दरवाजा के पास खून बह रहा था. जबकि दोनों पति-पत्नी की लाश खून से सना हुआ पड़ा था.
घटनास्थल जिस जगह पर है उसके दोनों ओर घर है. एक पतला गलियारानुमा रास्ता होकर उस कमरे तक पहुंचा जा सकता है. ऐसे में यह संभावित है कि किसी परिचित ने ही घटना को अंजाम दिया है. चूंकि कोई बाहरी व्यक्ति वहां घुसकर घटना को अंजाम देगा तो आसपास के लोग शोर और संघर्ष की आवाज जरूर सुनते. पुलिस इन पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है.
भांजा के बयान ने उलझाया
तेतरू पाहन के भांजा विजय पहन के बयान पर पुलिस थोड़ी उलझ कर रह गई. क्योंकि भांजे ने बताया था कि दंपति ने झगड़ा करने के बाद एक दूसरे की हत्या कर दी है. इससे पुलिस को शुरुआत में मामला आत्महत्या का लगा. लेकिन छानबीन के बाद पता चला कि मामला विशुद्ध रूप से हत्या का है. फिलहाल पुलिस भांजा सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है.
हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका
कांके थाना क्षेत्र के कोंगे जयपुर के रहने वाले 45 वर्षीय तेतरू पाहन और 40 वर्षीय पत्नी लखिया देवी की हत्या शुक्रवार को जघन्य तरीके से कर दी गई थी. दोनों पिछले 15 सालों से तितली टोली स्थित अपने भांजे विजय पाहन के घर पर रह रहे थे. अब तक की जांच में पुलिस को यह पता चला है कि तेतरू पाहन का कोंगे गांव में पैतृक संपत्ति था जिसे हड़पने के लिए कुछ लोग साजिश रच रहे थे. पुलिस यह आशंका जता रही है कि इस हत्याकांड को जमीन विवाद में ही अंजाम दिया गया है. रांची के सदर डीएसपी प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि इस हत्याकांड को किसी एक शख्स ने अंजाम नहीं दिया है, घटनास्थल की जांच के बाद यह साफ पता चल रहा है कि इस कांड में कई लोग शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें: धर्म बदलने से इनकार करने वाले को पागल घोषित किया, कुएं में मिला शव, रात भर चला जिंदा करने का नाटक




