DhanbadJharkhand

अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा युवा मोर्चा की बैठक, कहा – रघुवर सरकार को विधानसभा चुनाव में सिखाएंगे सबक

Dhanbad : अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा युवा मोर्चा धनबाद जिला की ओर से बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें रघुवर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा गया कि रघुवर सरकार ने सिर्फ तैलिक समाज का चुनाव में इस्तेमाल किया है. आज तक इसके विकास के लिए कोई काम नहीं किया.

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राज्य में वैश्यों के साथ कई घटनाएं घटी हैं, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. कहा गया कि समाज के तिलेश्वर साहू की बरही में हत्या कर दी गयी थी. समाज ने सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ. देवघर के सारठ में मंत्री रणधीर सिंह द्वारा जिला परिषद सदस्य पिंकी साहू के साथ मारपीट की गई.

इस मामले में भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. राजगंज में सरोज साव की हत्या हुई. काको मठ में निमाई महतो की हत्या हुई, जिसका न तो खुलासा हुआ और न ही कोई कार्रवाई की गयी.

इसे भी पढ़ें : रांची की धरती से #PMModi ने देश को दी सौगात, तीन योजनाओं की शुरुआत

सीएम पर तैलिक समाज को धोखा देने का आरोप

युवा मोर्चा के धनबाद जिलाध्यक्ष अनूप साव ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने समाज के नाम पर धोखा दिया. हमलोगों के लिए कोई विकास का काम नहीं हुआ, बल्कि हमलोगों को और उपेक्षित कर दिया गया. इस समाज के लोगों ने चुनाव में रघुवर दास की मदद की लेकिन उन्होंने हमारे लिए कुछ भी नहीं किया.

कहा कि राज्य में 14 लोकसभा क्षेत्र है, जिसमें दो दावेदार भी थे लेकिन तैलिक समाज के किसी भी सदस्य को टिकट नहीं दिया गया. इस बार तैलिक समाज के लोग विधानसभा चुनाव में सबक सिखाएंगे. उन्होंने कहा कि 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्नी यशोदा बेन से मिलकर इन सभी बातों को उनके सामने रखेंगे. उन्हें समाज की हो रही उपेक्षा से अवगत कराया जायेगा.

इसे भी पढ़ें : #JharkhandAssembly उद्घाटन में नेता प्रतिपक्ष का नाम नहीं, जेएमएम ने विधायकों को विशेष सत्र में ना जाने को कहा!

Related Articles

Back to top button