
Garhwa: पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले में बीती रात होटल व्यवसायी सुनील केशरीपर अपराधियों ने गोली चलायी. गोली सुनील के दाहिने हाथ में लगी जिससे कि वह बाल-बाल बच गये. वहीं मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर अपराधियों की गिरफ्तारी में जुट गयी है.
इसे भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान के बीच चरम पर तनाव, US गल्फ भेज रहा 3000 सैनिक
होटल में घुसकर मारी गोली
शहर के बीच मेन रोड स्थित जवाहर भोजनालय के मालिक सुनील कुमार को अज्ञात तीन हमलावरों ने होटल में घुसकर गोली मारी. घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे की है.
परिजनों के अनुसार हमलावरों ने लगातार तीन गोली चलायी और घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गये. गोली लगने के बाद सुनील नीचे जमीन पर गिर गए. वहीं परिजनों व स्थानीय लोगों ने सुनील को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां उपचार के बाद सुनील की स्थिति सामान्य है.
इसे भी पढ़ें- नया विधानसभा भवन न पूरा हुआ न सरकार को सौंपा गया, इसलिए पुराने भवन में ही होगा सत्र
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुनील का बयान दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गयी है.
थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने घटना के बारे में बताया कि होटल में खाने-पीने के दौरान ग्राहक और सुनील के बीच झड़प हुई. जिसके बाद ग्राहकों ने सुनील को धमकी दी और वहां से चले गये. लेकिन झड़प के 10 मिनट के अंदर ही तीन लोग बाइक पर सवार होकर आये और होटल में घुसकर सुनील पर गोली चलायी.
थाना प्रभारी ने कहा कि मामला सुनील का बयान दर्ज कर लिया गया है. अपराधियों की गिरफ्तारी में पुलिस जुट गयी है. जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.




