
Jamshedpur : कोल्हान विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह के लिए 8 अप्रैल की संभावित तिथि राज्यपाल की ओर से तय कर दी गई है. इसकी जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफ़ेसर गंगाधर पंडा ने एकेडमिक काउंसिल की ऑनलाइन बैठक में सदस्यों को दी. उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह के लिए 16 तरह की कमेटियां बनाई गई हैं. इन कमेटियों के चेयरमैन और सचिव का मनोनयन भी कर दिया गया है. समिति के चेयरमैन आवश्यकतानुसार सदस्यों का विस्तार कर सकते हैं. इस दीक्षांत समारोह में 3 साल में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले एक सौ छात्र एवं पीएचडी उपाधि धारकों को बुलाया जाएगा. यह समारोह कोविड-19 की स्थिति पर निर्भर करेगा. अगर सब कुछ सामान्य रहा तो इस दिन दीक्षांत समारोह संपन्न हो जाएगा.बैठक की जानकारी कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ पीके पाणी ने दी है.
कोल्हान विश्वविद्यालय को मिल सकता है यूजीसी अनुदान
कोल्हान विश्वविद्यालय ने 12बी के तहत अपने सारे दस्तावेज यूजीसी को भेज दिये हैं. उम्मीद की जा रही है कि यूजीसी विश्वविद्यालय को अनुदान दे सकता है. यह भी बताया गया कि विश्वविद्यालय में नेट की तैयारी आरंभ कर दी गयी है. प्रवक्ता डॉ पीके पाणी ने बताया कि सरकार का निर्देश प्राप्त होते ही विश्वविद्यालय में पीजी में सीटें बढ़ाई जाएंगी. इसके लिए कॉलेजों से प्रस्ताव मांगा गया है.पहले से भेजे गए सभी प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं.




