National

26/11 के बाद पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के लिए वायुसेना तैयार थी, मनमोहन सरकार ने नहीं दी इजाजत

NewDelhi : मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले के बाद ही भारतीय सेना के तीनों विभागों ने पाकिस्तान को सबक सिखाने की व्यापक योजना भी बना ली थी, जिसमें बालाकोट को लड़ाकू विमान से उड़ाना भी शामिल था, लेकिन मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली तत्कालीन यूपीए सरकार ने सेना को इस कार्रवाई की इजाजत ही नहीं दी थी. अमर उजाला के अनुसार सेना के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि पुलवामा हमले के बाद करीब दस साल पहले बनी ऐसी ही योजना नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली मौजूदा एनडीए सरकार के सामने रखी गयी थी, जिसे पूरा करने की इजाजत देकर मोदी सरकार ने आतंक के खिलाफ लड़ाई का नया मापदंड तैयार कर दिया है. बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के बालाकोट के जिस आतंकी शिविर पर कहर बरपाया था, उसका नामोनिशान 10 साल पहले ही मिट सकता था. सेना की खुफिया इकाई के अनुसार दस साल पहले मुंबई हमले के समय भी बालाकोट का आतंकी ठिकाना पाकिस्तानी एजेंसियों की सरपरस्ती में पूरी तरह सक्रिय था.

मुंबई हमले में लश्कर-ए-ताइबा का हाथ था और बालाकोट का यह ठिकाना जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा है. लेकिन सेना ने उस समय पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए बनाई व्यापक योजना के तहत उसकी सरपरस्ती वाले सभी आतंकी संगठनों के खिलाफ एक साथ मोर्चा खोलने का निर्णय लिया था.

इसे भी पढ़ेंः मोदी सरकार ने छह एयरपोर्ट्स अडानी की कंपनी को डेवलप करने दिये,  राज्यों से पूछा भी नहीं

अमेरिका ने भारत युद्ध से दूर रहने की सलाह दी

इस योजना को परवान चढ़ाने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) एमके नारायणन के साथ तीनों तत्कालीन सेना प्रमुखों की कई बैठकें भी हुईं.  इन बैठकों में हमले का अंतिम खाका भी तैयार कर लिया गया था.  लेकिन उस दौरान भारत और अमेरिका के बीच परवान चढ़ रही ऐतिहासिक सिविल परमाणु करार की कवायद आड़े आ गयी. तत्कालीन यूपीए सरकार ने देश को ऊर्जा के क्षेत्र में स्वावलंबी बनाने के मकसद से अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज बुश के साथ यह कवायद शुरू की थी. अमेरिका ने भी भारत को परमाणु ईंधन व तकनीक मुहैया कराने के लिए अपनी संसद में कई बिलों में संशोधन किया था.  माना जा रहा है कि संभवत: अमेरिका ने ही भारत को इस कूटनीतिक प्रगति के दौरान युद्ध से दूर रहने की सलाह दी थी. इसी वजह से लंबी मंत्रणा के बाद तत्कालीन सरकार ने कूटनीतिक नजरिया अपनाकर बड़ी सैन्य कार्रवाई से हाथ खींच लिये थे और पाकिस्तान को दूसरे तरीके से घेरे में लेने का निर्णय लिया था.

इसे भी पढ़ेंः भाजपा संसदीय बोर्ड ने किया तय, मोदी वाराणसी सीट से लड़ेंगे चुनाव, 75 पार को भी मिलेगा टिकट

पाकिस्तान के सुरक्षा अधिकारी मीडिया को बालाकोट पहाड़ी पर जाने से रोक रहे हैं

पाकिस्तान बालाकोट में भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक के सच को दुनिया से छिपाने की कोशिश में लगा है.  इसके चलते पाकिस्तान के सुरक्षा अधिकारी मीडिया को उस पहाड़ी पर जाने से रोक रहे हैं, जहां भारतीय वायुसेना ने हमला किया था.  समाचार एजेंसी रॉयटर्स की टीम को इलाके में आम जनता से तो मिलने दिया गया, लेकिन गुरुवार को 9 दिन में तीसरी बार पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों ने सुरक्षा का बहाना बनाकर उन्हें घटनास्थल तक जाने से रोक दिया. मीडिया टीम को मदरसे से करीब 100 मीटर नीचे ही रोक दिया गया.  लेकिन वहां से कुछ भी नहीं दिख पा रहा. बता दें कि जिन इमारतों में भारतीय वायुसेना ने मिसाइलें दागीं थीं, वे पेड़ों से घिरी हैं.  पूर्व में   पाकिस्तान सरकार ने कहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय मीडिया को एयर स्ट्राइक की जगह पर ले जाकर भारतीय दावों का झूठ दिखायेगी. हालांकि बाद में मीडिया को ले जाने की बात टाल दी गयी थी.

इसे भी पढ़ेंःजैसे गोवा में ‘सरकार’ लापता, वैसे ही गुम हो गई राफेल की फाइल: राहुल गांधी

Related Articles

Back to top button