
Mumbai: महाराष्ट्र में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा 100 करोड़ वसूली मामले में पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख की गिरफ्तारी के बाद आयकर विभाग ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग ने अजित पवार से जुड़ी लगभग 1000 करोड़ रुपये की संपत्ति को सीज कर लिया है. जाहिर है सत्ताधारी दल से जुड़े इन दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई से बाद से महाराष्ट्र की सियासत गरमा सकती है.
मालूम हो कि पिछले माह आयकर विभाग ने पवार की बहनों के घरों व कंपनियों पर छापेमारी की थी. इसके बाद से ही पवार आयकर के निशाने पर थे. पवार की संपत्ति सीज करने को इसी से जुड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है. आयकर विभाग ने मुंबई के नरीमन प्वाइंट स्थित निर्मल टावर सहित पांच संपत्तियों को कुर्क किया है. इससे पहले सोमवार की रात करीब एक बजे महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख से लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया है.




