
- न्यूज विंग से बातचीत में मेयर ने कहा,-खरमास में शिलान्यास और गृहप्रवेश करना दो अलग चीज
Ranchi : रांची नगर निगम की नयी बिल्डिंग का उद्घाटन आने वाली 29 तारीख को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों होना तय किया गया है. मेयर आशा लकड़ा ने खरमास में आयोजित उद्घाटन को लेकर सवाल उठाये हैं.
लेकिन सवाल उठाने वाली मेयर ने शनिवार को खुद निगम क्षेत्र के दो वार्डों में करोड़ों की योजनाओं का शिलान्यास किया है.
बता दें कि निगम के नये भवन के उद्घाटन के हेमंत सरकार के कदम को लेकर मेयर सहित भाजपा समर्थित कई नेताओं ने सवाल उठाया था. शनिवार को मेयर ने सांसद संजय सेठ की उपस्थिति में वार्ड-1 व वार्ड-12 में लगभग 4 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया.
29 दिसम्बर को हेमंत सोरेन करेंगे निगम की नयी बिल्डिंग का उद्घाटन
बता दें कि आगामी 29 दिसम्बर को सरकार के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कई योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे. इसमें राजधानी में बन रही अत्याधुनिक रांची नगर निगम की बिल्डिंग भी शामिल है.
लेकिन रांची की मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय सहित कई भाजपा नेताओं ने हेमंत सरकार के इस कदम पर सवाल उठा दिया है. भाजपा नेताओं विशेषकर मेयर का कहना है कि खरमास में शुभ कार्य से लोग परहेज करते हैं. इसके लिए बावजूद सरकार अपनी एक वर्ष की उपलब्धि बताने के लिए ही खऱमास में निगम भवन के उद्घाटन करने की तैयारी कर ली है.
शिलान्यास और उद्घाटन करना दो अलग बात है : मेयर
हालांकि मेयर खरमास के दिनों में शिलान्यास कार्यक्रम करने को गलत नहीं मानती हैं. न्यूज विंग से बातचीत में उन्होंने कहा है कि शिलान्यास करना एक अलग बात है और गृह प्रवेश करना अलग बात. दोनों में अंतर है. शिलान्यास करने का मतलब यह थोड़ी न है कि काम शुरू होगा गया है. शिलान्यास करने में कोई दिक्कत नही है. खरमास के दिन कोई गृह प्रवेश करता है क्या. इस अवधि में कोई गृह प्रवेश करता है तो पूजा-पाठ भी करना होगा. यह सब तो नोटिस करना चाहिए.
आशा लकड़ा ने प्रेस बयान जारी कर कहा, शहर की विभिन्न योजनाओं व विकास कार्यों को संचालन और निगरानी का कार्य रांची नगर निगम के नये भवन से होगा. सैकड़ों अधिकारी, कर्मचारी उस ऑफिस में अपने कार्यों का निष्पादन करेंगे. ऐसे में खरमास में इस भवन का उद्घाटन करना उचित नहीं है. रही बात सड़क व नाली के शिलान्यास की, तो इसे नये निगम भवन के साथ जोड़ा जाना उचित नहीं होगा क्योंकि लोगों की आवश्यकताओं को देखते हुए सड़क व नाली का शिलान्यास किया गया है.
योजनाओं के शिलान्यास में सांसद सहित पार्टी कार्यकर्ता थे उपस्थित
मामले को लेकर मेयर का कहना है कि शनिवार को जिन दो योजनाओं का शिलान्यास किया वह 14वें वित्त आयोग के तहत बनना है. इसमें वार्ड-1 के शंकरपुरम प्रगति विहार एदलहातु में लगभग 1.49 करोड़ की लागत से 2500 मीटर बिटुमिनस व पीसीसी पथ के साथ लगभग 700 मीटर नाली का निर्माण होगा. साथ ही वार्ड-12 व 14 स्थित प्रगति पथ में 2.49 करोड़ की लागत से बहुबाजार चौक से ऑक्सफोर्ड स्कूल तक सड़क के दोनों ओर लगभग 5500 मीटर आरसीसी नाली का निर्माण होगा.
शिलान्यास कार्यक्रम में वार्ड-1 के पार्षद नकुल तिर्की, वार्ड-14 के पार्षद दिनेश राम, वार्ड-13 की पार्षद पूनम बड़ाईक के अलावा रांची महानगर अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष राम लगन, चुटिया मंडल भाजपा अध्यक्ष सुजीत, सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित थे.




