
Ranchi: झारखंड की जमशेदपुर पुलिस ने शहर के मानगो इलाके में चल रहे नकली नोट छापने के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है. मामले में जाली नोट के तस्कर आफताब को गिरफ्तार कर लिया गया है. तस्कर ने पुलिस के समक्ष कई अहम खुलासे किये हैं.
रविवार को जमशेदपुर एसएसपी डॉ एम तमिल वणन ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि शनिवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मानगो गुलाब बाग फेज दो के एक मकान में जाली करेंसी और दस्तावेज छापने का गोरखधंधा चल रहा है. इसके सत्यापन हेतु छापेमारी करने पर आफताब आलम नामक युवक को हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ की गयी. उसने अपने स्वीकारोक्ति बयान में नकली करेंसी छापे जाने की बात स्वीकार की.

इसके बाद मकान की तलाशी लेने पर बड़ी संख्या में पांच सौ, एक सौ और पचास रुपये के जाली नोट और कई शैक्षणिक संस्थानों के जाली मार्कशीट एवं प्रमाण पत्र और नकली पासपोर्ट बरामद किये गये हैं. साथ ही युवक के मकान से स्कैनर, प्रिंटर, लैपटॉप, मॉनिटर, मोबाइल सहित दर्जनों अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किये गये हैं.
एएसएसपी ने बताया कि युवक यूट्यूब पर देख कर नकली नोट छपाई का काम करता था और उसे बाजार में चलाता था.




