DhanbadJharkhand

नेताजी सुभाष चंद्र बोस के संघर्ष की गाथा पाठ्यक्रम में शामिल करने की वकालत

Dhanbad:  आधुनिक भारत के निर्माण में सुभाष चन्द्र बोस के योगदान पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शनिवार को उद्घाटन हुआ. मौके पर विचार व्यक्त करते हुए प्रख्यात इतिहास विद डॉक्टर पूर्वी राय ने युवा इतिहासकारों से आजाद हिंद फौज में शामिल भारतीय नागरिकों के परिवारों की खोज करने तथा उनकी संघर्ष गाथा को शोध में शामिल करने का अनुरोध किया.

बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय तथा अखिल भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में बीआइटी सिंदरी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार के पहले दिन सत्र को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करते हुए प्रख्यात इतिहासविद डॉक्टर पूर्वी राय ने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के संघर्ष की गाथा भारतीय स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल की जानी चाहिए.

इसे भी पढ़ेंः खुलासाः निजी आवास में करा लिया सांसद निधि से लाइब्रेरी का निर्माण, अभिकर्ता को शो कॉज

नेताजी सुभाष चंद्र बोस 1956 तक जीवित थे

उन्होंने लगभग दो दशकों तक अपने द्वारा किए गए शोध की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक के शोध से यह लगभग स्पष्ट हो चुका है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस 1956 तक जीवित थे, 1953 तक उन्हें स्टालिन के कब्जे में रूस में होने की बात कही जा रही है.

किंतु देश में सरकारी दबाव के कारण बहुत सी सरकारी दस्तावेजों को आम नहीं किया जा रहा है जिसके चलते समाज में कई तरह की भ्रांतियां बनी हुई हैं. उन्होंने युवा इतिहासकारों से  जस्टिस मुखर्जी कमीशन की रिपोर्ट को आम जनता के बीच लाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज की परिस्थितियों में यह आवश्यक है कि प्रखर राष्ट्रवादी नेता जी से जुड़े  सभी पहलुओं को जनता के समक्ष रखें.

इसे भी पढ़ेंः दर्द-ए-पारा शिक्षक : जिस कमरे में रहते हैं उसी में बकरी पालते हैं, उधार इतना है कि घर बनाना तो सपने जैसा

बोस को अपना आदर्श मानते हैः अमर बाउरी

इसके पूर्व संगोष्ठी का उद्घाटन करते हुए झारखंड के कला संस्कृति एवं युवा खेलकूद विभाग के मंत्री अमर कुमार बावरी ने कहा कि आज देश के प्रत्येक नागरिक सुभाष चंद्र बोस को अपना आदर्श मानते हैं. सुभाष चंद्र बोस का नाम आते ही देश के युवाओं में राष्ट्रप्रेम का एक ज्वार उठता है.

आज देश के लगभग हर क्षेत्र के लोग यह मानते हैं कि सुभाष चंद्र बोस की मौत विमान दुर्घटना में नहीं हुई थी और तत्कालीन सरकारों द्वारा उनके मौत के रहस्य पर पर्दा डालने के लिए कई तरह के कृत्य किये गये. मंत्री अमर बाउरी ने सुभाष चंद्र बोस द्वारा असंगठित मजदूरों के  बीच संगठन का काम करने के अलावा धनबाद और झरिया के क्षेत्र में पख्तूनों के बीच उनके द्वारा जो काम किया गया, उस पर भी शोध करने की अपील युवा इतिहासकारों से की.

सांसद ने भारतीय संस्कृति को  नष्ट करने पर जतायी चिंता

धनबाद के सांसद  पशुपतिनाथ सिंह ने भारतीय संस्कृति को  नष्ट करने वाले आक्रांताओं को महिमामंडित करने की पुरानी परम्परा पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज भी दिल्ली में  कई आक्रांता ओं के नाम पर सड़कों का नामकरण है. जबकि भारतीय संस्कृति के उन्नायक  कई नायकों का  नामोनिशान इतिहास के पन्नों से हटा दिया गया है.

इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ बालमुकुंद पांडे ने इस अवसर पर अपने वक्तव्य में कहा कि विकृत इतिहास को ठीक करना हम सबका कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि सुभाष चंद्र बोस न केवल भारत बल्कि बीसवीं सदी के विश्वरत्न थे.

बोस सच्चे अर्थों में समाजवाद के पोषक थे

उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस सच्चे अर्थों में समाजवाद के पृष्ठ पोषक थे और उन्होंने समाज में महिलाओं के महत्व को बहुत पहले रेखांकित कर  लिया था. और अपनी सेना के एक अंग का नाम रानी झांसी  रेजिमेंट रखा था.

उन्होंने कहा कि यदि यह सत्यापित हो जाए कि धनबाद में रखी कार का इस्तेमाल सुभाष चंद्र बोस ने अपने कार्यक्रम के दौरान  किया था तो विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय उस कार को ऐतिहासिक धरोहर के रुप में संरक्षित करेगा.

सेमिनार में इनकी रही भूमिका

समारोह को अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के कार्यकारी अध्यक्ष देवी प्रसाद सिंह ने भी संबोधित किया. संचालन भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद के निदेशक डॉक्टर ओम जी उपाध्याय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन झारखंड इतिहास संकलन समिति के अध्यक्ष डॉ राजकुमार ने किया.

इसे भी पढ़ेंः मजदूर मसीहा कहे जानेवाले सूर्यदेव सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने उमड़ी भीड़

Related Articles

Back to top button