
Ranchi: राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में आज गर्वनिंग बॉडी की मीटिंग की गयी. इस दौरान कुल 370 नर्सों की बहाली करने पर सहमति बनी. जल्द ही इसके लिए विज्ञापन जारी किया जायेगा. 370 में 80 प्रतिशत सीटों पर महिला नर्सें और 20 प्रतिशत सीटों में पुरुष नर्स बहाल किये जाएंगे.
गर्वनिंग बॉडी ने इसके लिए रिम्स डायरेक्टर को अधिकृत किया है. वहीं रिम्स के डेंटल कॉलेज की सीटें बची रहें इसके लिये गर्वनिंग बॉडी ने सभी कमियों-खामियों को एक महीने के अंदर ठीक कर लेने पर सहमति बनी है. फरवरी के अंतिम सप्ताह में डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम निरीक्षण करने आएगी. उससे पहले सारी व्यवस्था दुरुस्त कर ली जायेगी.
इसे भी पढ़ें : गैर भाजपाई सरकारों ने दलितों-गरीबों को लूटा, मोदी सरकार में मिल रहा मानः लाल सिंह आर्या
रिम्स डायरेक्टर को जरूरी सामानों की खरीदारी कराने की जिम्मेवारी
जीबी की बैठक में रिम्स की सभी कमी और खामी को दूर करने को लेकर चर्चा की गयी. रिम्स के कार्डियक, डायलिसिस, सीटी स्कैन सहित जितनी भी कमी है सभी के लिए नियम संगत क्रय करने को लेकर रिम्स के डायरेक्टर को अधिकृत किया गया है. इसके अलावा रिम्स के लैब और ब्लड बैंक को दुरुस्त करने पर भी सहमति बनी है.
जीबी में डेंटल कॉलेज की 50 सीटों के न्यूनतम मापदंड को पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्णय पर सहमति दी गयी है. अगर यह तय समय पर पूरा नहीं हुआ तो 21-22 के सेशन में नामांकन पर रोक लगायी जा सकता है.
रिम्स रांची के अंतर्गत ही हॉस्पिटल लागू करने के लिए प्रथम चरण का कार्य पूरा हो चुका है. दूसरे चरण के सभी विभागों को कंप्यूटरीकृत करने के लिए लगभग एक करोड़ पचास लाख के बजट पर सहमति बनी है.
जीबी की बैठक में नेशनल मेडिकल कमीशन के द्वारा मेडिकल संस्थान के लिए जो फैसिलिटी अनिवार्य की गयी हैं उनको जुलाई तक पूरा करने पर सहमति बनी है.
इसे भी पढ़ें : सरकारी नौकरी : नार्थ सेंट्रल रेलवे में 196 पोस्ट पर नौकरी करने का सुनहरा मौका




