
Dhanbad : बीजेपी के बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो के खिलाफ हो रही पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता गुरुवार को सड़क पर उतरे. कार्यकर्ताओं ने शहर के रणधीर वर्मा चौक पर धरना दिया. इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
उन्होंने कहा कि अगर विधायक ढुल्लू महतो को परेशान करना बंद नहीं किया गया, तो वे लोग उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे. उन्होंने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार विधायक ढुल्लू महतो को एक साजिश के तहत फंसाने का काम कर रही है. भाजपा कार्यकर्ता इस साजिश को कामयाब नहीं होने देंगे.
इसे भी पढ़ें –2018 में पांच लाख नये बिजली मीटर का वर्क ऑर्डर नहीं हुआ पूरा, JBVNL को करोड़ों का नुकसान
भाजपा के सारे लोग विधायक के साथ हैं : धरमजीत सिंह
भाजपा नेता और ढुल्लू महतो के सहयोगियों में से एक धर्मजीत सिंह ने कहा कि इन दिनों भाजपा को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है. विधायक ढुल्लू महतो भी इसी की एक कड़ी हैं. उन्होंने कहा कि उन पर किया गया मुकदमा झूठा है.
साथ ही कहा कि इस बात को सारे लोग जानते हैं. इसके बावजूद ढुल्लू महतो को परेशान करने का काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा के सारे लोग विधायक ढुल्लू महतो के साथ हैं और एकजुट हैं. गलत ढंग से की जा रही पुलिसिया कार्रवाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
इसे भी पढ़ें –267 पदों के लिए 7वीं, 8वीं और 9वीं जेपीएससी परीक्षा का विज्ञापन जारी, 1 मार्च से 30 मार्च तक कर सकते हैं आवेदन
सरकार के पास पावर है, चाहे जिस एजेंसी से जांच करवा लें
धरना के दौरान उपस्थित विधायक ढुल्लू महतो की पत्नी सावित्री देवी ने कहा कि राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार बनने के साथ ही बाघमारा की जनता और बाघमारा के विधायक को परेशान करने का काम किया जा रहा है.
सरकार के इशारे पर विधायक के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करवाये जाते हैं. पुलिस बगैर वारंट के उनके घर पहुंच जाती है. जब विरोध किया जाता है, तो आनन-फानन में वारंट निकलवाया जाता है. वारंट निकलने के बाद पुलिस ने उनके घर को चारों तरफ से ऐसे घेर लिया, जैसे कोई आतंकवादी का घर हो.
भाजपा कार्यकर्ता इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि सरकार के पास पावर है. वह चाहे जिस एजेंसी से जांच करवा लें. विधायक जी निर्दोष ही साबित होंगे. उन्होंने कहा कि अगर विधायक जी को परेशान करने का काम बंद नहीं किया गया, तो वे लोग उग्र आंदोलन करेंगे.
इसे भी पढ़ें – सिंदरी थाना व SDPO आवास के नजदीक धड़ल्ले से जारी है कोयला तस्करी, बदले में पंडित करता है वसूली




