Crime NewsRanchi

पुलिस की आंखों में धूल झोंककर कोर्ट से फरार हुआ मोबाइल चोरी का आरोपी, सभी थाने अलर्ट

Ranchi: बुधवार को सिविल कोर्ट परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. फरार कैदी का नाम सत्‍येंद्र वर्मा है. उस पर मोबाइल चोरी करने का आरोप है. सत्‍येंद्र को पुलिस कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रही थी, उसी समय वह फरार हो गया. जानकारी के अनुसार कैदी के साथ मौजूद दो पुलिसकर्मियों ने जैसे उसकी हथकड़ी खोली वह फरार हो गया.

पुलिस महकमे को किया गया अलर्ट

सत्येंद्र वर्मा पर मोबाइल चोरी का आरोप है. उसे मंगलवार की रात रेडियम रोड के जगन्नाथ अस्पताल से गिरफ्तार किया था. मरीज के परिजनों ने उसे पुलिस को सौंपा था. भागे हुए कैदी सत्येंद्र वर्मा की गिरफ्तारी के लिए रांची के सभी पुलिस को एलर्ट किया गया है. इसके अलावा पीसीआर मोबाइल गश्‍ती को उसकी फोटो भेजी गयी है. भागे हुए कैदी की गिरफ्तारी के हर संभव प्रयास कर रही है.

बाथरूम जाने का बहाना बनाकर हुआ फरार

पुलिस की पूछताछ में सत्‍येंद्र ने मोबाइल चोरी की बात स्वीकार की थी. साथ ही उसके पास से चोरी का मोबाइल भी बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस उसे जेल भेजने के लिए कोर्ट में पेश करने लायी थी, जहां से बाथरूम जाने का बहाना बना कर वह फरार हो गया.

कोतवाली डीएसपी कर रहे हैं मामले की जांच

इस मामले में सिटी एसपी सुजाता वीणा पानी ने कहा कि बाथरूम जाने के बहाना बना कर सत्येंद्र वर्मा नाम का कैदी फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कोशिश कर रही है. इस मामले में कोतवाली डीएसपी मामले की जांच कर रहे हैं, लापरवाह पुलिसकर्मी पर कड़ी करवाई की जाएगी.

इससे पहले भी कैदी हुआ था हाजत से फरार

2 अक्टूबर खेलगांव ओपी से सुबह के समय एक कैदी फरार हो गया था. फरार कैदी अंकित सिंह के खिलाफ खेलगांव के जमादार जयशंकर व चालक से मारपीट की प्राथमिकी दर्ज थी. कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था.

Related Articles

Back to top button