
Ranchi: आम आदमी पार्टी (झारखंड प्रदेश) के आह्वान पर राज्य के किसानों को खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी की ओर से वर्चुअल धरना कार्यक्रम 24 मई को होगा. इस संबंध में आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी सचिव डॉ.अविनाश नारायण ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान झारखंड के किसानों की स्थिति और अधिक खराब होती जा रही है.
इसे भी पढ़ें :आउटसोर्स पर नौकरी प्रक्रिया को उठी खारिज करने की मांग, सरयू राय ने कहा- नई लकीर खींचे हेमंत सरकार
किसानों को उनके द्वारा उत्पादित फसलों का लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है. किसान कर्ज के बोझ तले दबे जा रहे हैं. ऐसे में किसानों को राज्य सरकार की ओर से विशेष सहायता की जरूरत है. उन्होंने कहा कि 25 मई से रोहिणी नक्षत्र शुरू हो रहा है. इसके साथ ही किसान खेती-बारी में जुट जाते हैं. ऐसे में उन्हें खाद और बीज की आवश्यकता होती है.
किसान राज्य सरकार से अनुदानित दर पर खाद और बीज मुहैया कराने की मांग कर रहे हैं. किसानों की इस मांग के समर्थन में जिले के सभी कार्यकर्ता एक दिवसीय वर्चुअल धरना देंगे. उन्होंने कहा कि कोविड-19 के कारण लॉकडाउन में किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए पार्टी ने पत्र लिख कर किसानों को पूर्ण अनुदान में खाद-
बीज उपलब्ध कराने की मांग सरकार से की थी. लेकिन अब तक सरकार ने इस विषय पर गंभीरता नहीं दिखाई है. उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के प्रति राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी की ओर से एक दिवसीय वर्चुअल धरना कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है.
इसे भी पढ़ें : नाबालिग प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर दी जान




