Crime NewsRanchi

बिचाली कारोबारी को घर से उठा ले गये थे अपहरणकर्ता, आधे घंटे के अंदर ही पुलिस ने छुड़ाया, चार को किया गिरफ्तार

Ranchi : बिचाली कारोबारी भिखारी यादव के अपहरण के चार आरोपियों को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. ज्ञात हो कि नौ फरवरी की रात करीब 11 बजे मारूति आल्टो कार से पांच लोग भिखारी यादव के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर के मदन ढाबा के पास स्थित घर पहुंचे. उन्होंने घर का दरवाजा खुलाया और जैसे ही भिखारी यादव ने दरवाजा खोला, वे लोग उन्हें जबर्दस्ती खींचकर कार में बैठा लिया और उन्हें लेकर बूटी मोड़ की तरफ चले गये थे.

ऐसे हुई अपहृत की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी

घटना की जानकारी रास्ते से गुजर रहे कोकर निवासी नवीन सिंह द्वारा पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और अपहृत व्यवसायी के पुत्र अजय यादव को साथ लेकर अपराधियों के भागने की दिशा में पीछा करना शुरू कर दिया. घटना की सूचना पूरे जिले में प्रसारित की गयी, जिससे पीसीआर की गाड़ियां सक्रिय हो गयीं और पुलिस चेकिंग करने लगी. इसी दौरान पीसीआर-9 में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और पुलिस बल के जवानों ने जुमार पुल के पास गाड़ी को घेर लिया और व्यवसायी भिखारी यादव को सकुशल बरामद करने के साथ-साथ कार में सवार चार व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, पांचवां व्यक्ति मौके से भागने में सफल हो गया. गिरफ्तार आरोपियों में सूरज कुमार यादव, सनी कुमार, राजकुमार यादव और राजकुमार गोस्वामी (सभी बिहार के भागलपुर जिला निवासी) शामिल हैं. इस अपहरण कांड में इस्तेमाल की गयी मारूति आल्टो कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है. इस संबंध में अपहृत व्यवसायी के पुत्र अजय यादव द्वारा सदर थाना में दिये लिखित आवेदन के आधार पर अनुसंधान किया जा रहा है. बता दें कि इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के आधे घंटे के भीतर ही अपहृत को बरामद कर लिया, साथ ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया.

इसे भी पढ़ें- देवघरः टीम व्यूअर सॉफ्टवेयर की मदद से साइबर क्रिमिनल्स ने उड़ाये रुपये, तीन गिरफ्तार

इसे भी पढ़ें- मोबाइल को लेकर पत्नी से हुई कहा-सुनी, शराबी पति ने कर दी हत्या

Related Articles

Back to top button