Mumbai. शिवसेना कार्यकर्ताओं के विरोध और हंगामे के बीच फिल्म अभिनेत्री कंगना रनोट बुधवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी एयरपोर्ट पहुंचीं. एयरपोर्ट में इस दौरान जमकर हंगामा हुआ. घर पहुंचने के बाद कंगना ने एक वीडियो पोस्ट किया है. इस वीडियो में उन्होंने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे को चुनौती देते हुए कहा- आज मेरा घर टूटा है कल तेरा घमंड टूटेगा.
क्या कहा कंगना ने
घर पहुंचने क बाद कंगना ने 1 मिनट 9 सेंकेड का एक वीडियो पोस्ट किया. इस वीडियो में उन्होंने कहा कि आज मेरा घर टूटा है, कल तेरा घमंड टूटेगा, मेरे साथ जो हुआ है उसके पीछे एक मकसद है. कंगना ने कहा कि अब वो अयोध्या के साथ कश्मीर पर भी फिल्म बनाएंगी. कश्मीरी पंडितों पर क्या बीती है, आज उन्हें पता चल गया. हालांकि उन्होंने अंत में जय हिंद के साथ जय महाराष्ट्र भी कहा.
पीओके से की थी मुंबई की तुलना
दरअसल, सुशांत सिंह राजपूत केस में लगातार हमला बोल रहीं कंगना ने मुंबई की तुलना ‘पीओके’ से की थी. इसके बाद शिवसेना नेता संजय राऊत ने उनके खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी.
एयरपोर्ट पर हंगामा
कंगना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे मुंबई पहुंचीं. इस दौरान एयरपोर्ट पर भारी हंगामा हुआ. उनके समर्थक और शिवसेना कार्यकर्ता आमने-सामने थे. कंगना को वीआईपी गेट की बजाय दूसरे गेट से बाहर निकाला गया. वे एयरपोर्ट से सीधे खार स्थित अपने घर पहुंचीं.
ऑफिस तोड़ा
बुधवार सुबह बीएमसी ने अवैध निर्माण को लेकर कंगना के ऑफिस पर बुलडोजर चलाया. इस कार्रवाई के दौरान ऑफिस के बाहरी हिस्से से बालकनी और अंदर के बने निर्माण को बुरी तरह से तोड़ा गया है. इस दौरान आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने इस तोड़फोड़ का विरोध भी किया. हालांकि शरद पवार ने भी इस कार्रवाई का विरोध भी किया.




