
New Delhi: इथियोपिया में हुए विमान हादसे और कई देशों में बोइंग 737 मैक्स 8 की उड़ान पर रोक लगने के बाद भारत ने भी कार्रवाई की है. भारत ने मंगलवार को बोइंग 737 मैक्स 8 विमान की उड़ान पर पाबंदी लगा दी है. गौरतलब है कि रविवार को हुई इस विमान दुर्घटना में 157 लोगों की मौत हो गई थी.
सुरक्षा शीर्ष प्राथमिकता
नागर विमानन मंत्रालय ने एक ट्विटर पर कहा कि डीजीसीए ने बोइंग 737-मैक्स विमानों के उड़ान भरने पर फौरन प्रतिबंध लगा दिया है. ये विमान तब तक उड़ान नहीं भरेंगे, जब तक कि सुरक्षित परिचालन के लिए उपयुक्त सुधार एवं सुरक्षा उपाय नहीं कर लिए जाते.
इसे भी पढ़ेंःमसूद अजहर आज घोषित होगा वैश्विक आतंकवादी ? या फिर से चीन लगायेगा अड़ंगा
मंत्रालय ने कहा कि हमेशा की तरह यात्रियों की सुरक्षा हमारी शीर्ष प्राथमिकता है. हम यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुनिया भर के नियामकों, एयरलाइनों और विमान निर्माताओं के साथ करीबी परामर्श करना जारी रखेंगे.
यात्रियों को ना हो असुविधा
नागर विमानन मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि सचिव को निर्देंश दिए हैं कि यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए आकस्मिक योजना तैयार करने के लिए सभी एयरलाइंस के साथ एक आपातकालीन बैठक करें. यात्रियों की सुरक्षा के समझौता नहीं किया जा सकता. वहीं यात्रियों के सफर पर इसका न्यूनतम असर पड़े, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं क्योंकि उनकी सुविधा अहम है.
स्पाइस जेट के पास करीब 12 ऐसे विमान हैं, जबकि जेट एयरवेज के पास ऐसे पांच विमान हैं. एक बयान में स्पाइस जेट ने कहा कि हम बोइंग और डीजीसीए के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं. हम हमेशा की तरह सुरक्षा को पहले स्थान पर रखना जारी रहेंगे. हम डीजीसीए के कल के निर्देशों के अनुरूप पहले ही अतिरिक्त एहतियाती उपाय अमल में ला चुके हैं.
इसे भी पढ़ेंःवीके सिंह ने कहा, भाजपा राष्ट्रवाद से लबरेज पार्टी, इसीलिए देश की बात करती है
गौरतलब है कि इथोपियन एयरलाइंस का बोइंग 737 मैक्स 8 विमान रविवार को इथोपिया के अदीस अबाबा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें चार भारतीय समेत विमान में सवार सभी 157 लोगों की मौत हो गई थी. बीते करीब पांच महीने में बोइंग 737 मैक्स 8 विमान दूसरी बार हादसे का शिकार हुआ है. पिछले साल अक्टूबर में लायन एयरलाइन का इसी श्रृंखला एक विमान इंडोनेशिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 180 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी.
कई देशों ने बोइंग पर लगाया बैन
यूरोपीय संघ और कई देशों ने अपने-अपने हवाई क्षेत्र में 737 मैक्स 8 के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है. इस विमान के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने वाला पहला देश नीदरलैंड है. इसके अलावा ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने भी बोइंग 737 मैक्स 8 के उड़ान भरने पर रोक लगा दी है. तुर्की की एयरलाइन ने भी ऐलान किया है कि वह बुधवार से कुछ स्पष्टताएं आने तक इन विमानों का परिचालन नहीं करेगी.
इसे भी पढ़ेंःममता ने कहा, देश में अघोषित इमर्जेंसी, मोदी के खिलाफ वाराणसी में प्रचार करना चाहती हैं
वहीं नार्वे की एयर शटल एयरलाइन, दक्षिण कोरिया की ईस्टर जेट, दक्षिण अफ्रीका की कॉमैर ने भी इन विमानों से परिचालन नहीं करने का ऐलान किया है. सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मलेशिया, अर्जेंटीना और ओमान ने भी बोइंग 737 मैक्स विमानों पर प्रतिबंध लगा दिया है. चीन ने घरेलू एयरलाइनों को सोमवार से ही इस विमान का परिचालन रोकने का आदेश दिया था. वहीं, इंडोनेशिया ने भी ऐसा ही किया है.
इसे भी पढ़ेंःशरद पवार ने कहा, मोदी को दूसरा कार्यकाल नहीं मिलेगा, भले ही भाजपा को ज्यादा सीटें मिले




