
Mumbai : अभिनेता इरफान खान के भारत लौटने के बाद से पहली बार वह सार्वजनिक रूप से मुंबई हवाईअड्डे पर शनिवार को नजर आये. लंदन में न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर का इलाज कराने के बाद वह हाल ही में भारत लौटे थे. उनकी तस्वीर कैद करने के इच्छुक फोटोग्राफरों ने उनकी झलक मिलते ही उन्हें घेर लिया और तस्वीरें खींचनी शुरू कर दी थी.
इसे भी पढ़ें : नीरव मोदी के प्रत्यर्पण के लिए हरसंभव कदम उठा रहा है भारत : विदेश मंत्रालय
52 वर्षीय अभिनेता ने पिछले साल मार्च में खुलासा किया था कि वह कैंसर से पीड़ित हैं और उसके बाद से ही वह मनोरंजन जगत की चकाचौंध से दूर हैं. सोशल मीडिया पर घूम रहीं इन तस्वीरों में खान का चेहरा साफ-साफ नजर नहीं आ रहा क्योंकि वह स्कार्फ से अपने चेहरे को ढके हुए थे. इससे पहले ऐसी खबरें थी कि वह यहां शहर के किसी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं लेकिन उनके करीबी एक सूत्र ने इससे इनकार किया और कहा, “वह यहां किसी इलाज के लिए नहीं आए हैं.” यह अब भी साफ नहीं है कि खान काम पर कब लौटेंगे और फिल्म “हिंदी मीडियम 2” के लिए शूटिंग कब शुरू करेंगे.
इसे भी पढ़ें : 26/11 के बाद पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के लिए वायुसेना तैयार थी, मनमोहन सरकार ने नहीं दी इजाजत




