Sports

क्वार्टरफाइनल में ताइ जु यिंग के हाथों मिली शिकस्त के साथ ऑल इंग्लैंड ओपन में साइना का सफर खत्म

Barmingham: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल का शुक्रवार को यहां ताइवान की ताइ जु यिंग से हारकर ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में सफर भी समाप्त हो गया. साइना को 10 लाख डॉलर इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में विश्व की नंबर एक खिलाड़ी से 37 मिनट के मुकाबले में 15-21, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा.

दोनों खिलाड़ियों के बीच 20 मुकाबले में साइना सिर्फ पांच में ही जीत दर्ज कर सकी है. ताइ जु यिंग ने इस भारतीय के खिलाफ लगातार 13 मैचों में जीत के साथ कुल 15 मुकाबले अपने नाम किये है. उन्होंने साइना पर पहले गेम में 11-3 की बढ़त कायम कर ली लेकिन साइना इसके बाद 12 में से 9 अंक जीत स्कोर को 14-12 करने में सफल रही. ताइ जु यिंग हालांकि अपनी बढ़त को 20-13 करने के बाद गेम अपने नाम करने में सफल रही.

ताइ जु यिंग का दमदार खेल दूसरे गेम में भी जारी रहा और उन्होंने 11-8 की बढ़त हासिल की. उनके शाट का साइना माकूल जवाब दे रही थी, जिससे स्कोर 17-15 और फिर 19-19 हुआ. ताइ जु यिंग ने इसके बाद लगातार दो अंक बनाकर गेम और मैच अपने नाम कर लिया.

Related Articles

Back to top button