
New Delhi: भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अभी भी बरकरार है. तेजी से घटनाक्रम बदल रहे हैं. वहीं पाकिस्तान ने एकबार फिर बातचीत का राग अलापा है. पाकिस्तानी विदेश मंत्री कुरैशी ने एकबार फिर बातचीत की पेशकश करते हुए कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भारत के पीएम से फोन पर बात करने के लिए तैयार हैं. लेकिन भारत ने इस पेशकश को ठुकराते हुए साफ और सख्त लहजे में कहा कि पाकिस्तान सबसे पहले भारत के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को वापस दे. साथ ही उसकी सरजमीं पर पल रहे आतंक को खत्म करने के लिए एकशन लें. वहीं बातचीत की पेशकश के बीच पाकिस्तान ने एकबार फिर जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में भारी गोलीबारी शुरू कर दी है.
पायलट को कुछ हुआ तो होगी कार्रवाई
भारत-पाकिस्तान के बीच भारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत-पाकिस्तान का मसला जल्द ही सुलझ जाएगा. हालांकि, भारत-पाकिस्तान की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. विदेश मंत्रालय के सूत्रों की मानें तो इस मसले पर किसी तीसरे पक्ष की जरूरत नहीं है. भारत ने अपनी कूटनीति के तहत पहले ही पाकिस्तान को अलग-थलग कर दिया है. अमेरिका शुरूआत से ही हमारे साथ रहा है और चीन की नीति अस्पष्ट रही है. सूत्रों के अनुसार, यूएन के सभी मेंबर और P4 सदस्य भारत के साथ हैं. पूरा देश इस वक्त विंग कमांडर की सकुशल रिहाई को लेकर चिंतित है. भारत ने मांग की है कि उनके पायलट को तुरंत रिहा किया जाए और उन्हें कोई नुकसान ना पहुंचे. भारत का साफ मानना है कि अगर पायलट को कुछ हुआ तो भारत कार्रवाई करेगा.
बातचीत की पेशकश और सीमा पर गोलीबारी भी
हालांकि, एक ओर पाकिस्तान बातचीत की बात कर रहा है. वहीं जम्मू-कश्मीर में सीमा पार से पड़ोसी देश सीज फायर का भी उल्लंघन कर रहा है. इन सबके बीच भारत ने पाकिस्तान को जैश-ए-मोहम्मद पर डोजियर सौंपा है और उनके पायलट को जल्द से जल्द लौटाने को कहा है. पाकिस्तान ने भी डोजियर मिलने की बात कही है.
बता दें कि आज शाम तीनों सेना की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी. वहीं शाम साढ़े छह बजे कैबिनेट के सुरक्षा परिषद की बैठक भी होनी है. वहीं आज रक्षा मंत्री ने तीनों सेनाप्रमुख के साथ करीब एक घंटे तक मीटिंग की. साथ ही एनएसए अजीत डोभाल ने भी उच्चस्तरीय बैठक की है.




