
NewDelhi : इन दिनों पुलवामा हमले को लेकर टीवी चैनल भी वार रूम बन गये हैं. बहस के दौरान प्रवक्ताओं के बीच आपस में या न्यूज एंकरों के साथ गर्मागर्म बहस आम बात है. प्रख्यात पत्रकार अर्नब गोस्वामी के रिपब्लिक टीवी शो पर भी कुछ ऐसा ही हुआ. बता दें कि आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष और सुधींद्र कुलकर्णी डिबेट के दौरान एंटी नेशनल कहे जाने पर डिबेट छोड़ कर चले गये. बात इतने पर ही नहीं रुकी है. आशुतोष और सुधींद्र कुलकर्णी दोनों ने अर्नब पर आरोप लगाया है कि अर्नब ने देश के दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर को भी एंटी नेशनल कहा है. सुधींद्र ने ट्वीट कर लिखा कि आज रात मैं रिपब्लिक टीवी से डिबेट छोड़कर बाहर चला गया, क्योंकि अर्नब गोस्वामी ने जोर देकर कहा कि मेरे जैसे लोग देश-विरोधी हैं.
अर्नब टुकडे टुकडे लाइन का उपयोग कर लोगों को बांट रहे हैं
इतना ही नहीं अर्नब ने सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर जैसे देशभक्त क्रिकेटरों की भी बेइज्जती की है. लिखा कि ऐसे समय में जब भारत को एकजुट होने की आवश्यकता है, वह टुकडे टुकडे लाइन का उपयोग कर लोगों को बांट रहे हैं. इस क्रम में सुधींद्र के इस ट्वीट को कोट करते हुए आशुतोष ने लिखा कि मैं भी उसी कारण से उनका (अरनब) शो छोड़कर बाहर आ गया सुधींद्र जी. बता दें पुलवामा हमले के बाद विश्वकप में भारत को पाकिस्तान से खेलना चाहिए या नहीं इस मामले में सचिन तेंदुलकर ने शुक्रवार को कहा था कि भारत को विश्व कप में पाकिस्तान को आसानी से दो अंक नहीं देने चाहिए और उनसे मैच खेलना चाहिए. सचिन के अलावा सुनील गावस्कर ने भी पाकिस्तान को विश्वकप में दो अंक न देने की बात कही थी.
सचिन और गावस्कर की यह बात न्यूज एंकर अर्नब गोस्वामी को पसंद नहीं आयी और दोनों पूर्व क्रिकेटरों पर हमला बोलते हुए अर्नब ने हैशटैग शेमऑनएंटी-नेशनल #ShameonAntiNationals का इस्तेमाल किया. अर्नब गोस्वामी द्वारा ऐसा करने से आशुतोष और सुधींद्र नाराज़ हो गये और वे डिबेट छोड़ कर चल दिये.




