
Ranchi: राजधानी रांची में हर दिन कोई ना कोई साइबर क्राइम का शिकार हो रहा है. सोमवार को भी साइबर क्राइम के दो मामले सामने आये हैं. जहां करीब 60 हजार रुपये अकांउट से अपराधियों ने उड़ाये हैं. पहली घटना हिनू के रहने वाले बाबूदास के साथ हुई है. उनके बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने 54000 रुपए की निकासी कर ली.
शातिर अपराधियों ने इनके खाते से दो बार में 54000 की निकासी की है. पहली बार में 34,000 रुपए किसी के खाते में ट्रांसफर किये गये और दूसरी बार में 20,000 कैश निकाला गया. वहीं दूसरा मामला हिनू डोरंडा का है. जहां के शुक्ला कॉलोनी में रहने वाले प्रमोद कुमार के खाते से साइबर अपराधियों ने 5500 रुपए निकाल लिए.
साइबर अपराधी नए तरीके से कर रहे हैं ठगी
हाल के दिनों में जो साइबर क्राइम के मामले सामने आये हैं,उसमें साइबर अपराधियों द्वारा ठगी के नये तरीके की बात सामने आयी है. पहले अपराधी एटीएम से रुपये निकालने के दौरान मदद करने के नाम पर किसी का कार्ड बदल कर उसके कार्ड से रुपये निकाला करते थे या एटीएम का क्लोन तैयार कर रुपये निकालते थे. लेकिन अब साइबर अपराधी दूसरे देश से इंटरनेट कॉल का सहारा लेकर इनाम जीतने के नाम पर एसएमएस भेज कर लोगों से ठगी कर रहे हैं. राजधानी में साइबर थाना होने के बावजूद साइबर क्राइम के मामले में अपराधी नहीं पकड़े जा रहे हैं.
पुलिसिया जांच का परंपरागत तरीका
रांची साइबर थाना में डीएसपी रैंक के थाना प्रभारी के अलावा तकनीशियन की पूरी टीम है. वहीं दूसरी ओर साइबर क्राइम पर रोकथाम के लिए अलग से एक साइबर डीएसपी की पोस्टिंग भी की गयी है. थानों में जो मामले दर्ज हो रहे हैं,उसमें अभी भी पुलिस का अनुसंधान परंपरागत तरीके से चल रहा है. केस के अनुसंधान से पहले फोन करने वाले वाले के नंबर के आधार पर उसका नाम और पता निकालते हैं. इसके बाद मोबाइल नंबर धारक के नाम और पते के सत्यापन में ही पुलिस का अनुसंधान निकल जा रहा है. जिसके चलते कम साइबर अपराधी ही गिरफ्तार हो पाते है.
सभी बैंकों की वेबसाइटों पर साइबर अपराधियों की नजर
मिली जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधियों का सभी बैंकों पर कब्जा है. साइबर अपराधियों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया समेत कई राष्ट्रीयकृत बैंकों की वेबसाइटों पर कब्जा कर रखा है. उनकी पहुंच हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन कंप्लेंट फोरम तक भी है. टॉल फ्री नंबर या ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने वालों या इन्क्वायरी करने वालों के खाते की जानकारी हासिल कर लेते हैं.
वेबसाइट हैक कर करते हैं डाटा की चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी बैंकों की वेबसाइट हैक कर डाटा की चोरी कर रहे हैं. साइबर अपराधी किसी भी वेबसाइट को हैक कर सकते हैं. इसके लिए वे लूप होल की तलाश करते हैं. इसके लिए पैन-टेस्टिंग करते हैं, पैन टेस्टिंग के जरिए संबंधित वेबसाइट की बैकडोर लूप, फायरवाल की स्थिति, स्क्रिप्ट डेटा समेत अन्य खामियों का पता लगा लेते हैं. इसके बाद वेबसाइट हैक कर संबंधित डेटा और विवरण का दुरुपयोग करते हैं. ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिसमें वेबसाइट में दर्ज डेटा में भी छेड़छाड़ कर डिस्पले करते हैं.
नकली वेबसाइट बना कर करते हैं ठगी
साइबर अपराधियों ने बदलते जमाने के साथ ठगी करने का अपना तरीका भी बदल लिया है. साइबर अपराधी नकली वेबसाइट बनाकर उस वेबसाइट में कस्टमर केयर का नंबर डालते हैं. उसके बाद फिर ग्राहक को झांसा में लेकर उसका अकाउंट डिटेल निकलवाते हैं. अकाउंट डिटेल निकलवाने के बाद साइबर अपराधी ग्राहक के खाते से धोखाधड़ी कर रुपये की निकासी कर लेते हैं.
हाल के दिनों में हुई साइबर अपराध की घटना
09 दिसंबर 2018- चुटिया थाना क्षेत्र रहने वाली सुष्मिता नाम की महिला से साइबर अपराधियों ने बैंक अधिकारी बनकर फोन पर उसके एकाउंट से 50 हजार निकाल लिये.
09 दिसंबर 2018- बरियातू थाना क्षेत्र के टैगोर हिल रोड निवासी रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर को साइबर अपराधी ने खुद को बैंक अधिकारी बता कर फोन किया. पासवर्ड पूछकर एकाउंट से 40 हजार रुपये निकाल लिये.
6 जनवरी 2019- हिंदुस्तान अखबार के सब एडिटर मदन प्रसाद सहित उनके दो दोस्त के खाते से धोखाधड़ी कर 46,000 रुपये की निकासी कर ली गयी थी. मामले में साइबर टीम रांची ने कार्रवाई करते हुए ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य दुमका निवासी सिराज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया था.
8 जनवरी 2019- कोकर स्थित स्पीडो प्रिंटर्स के खाते से क्लोन चेक के माध्यम से 1.52 लाख रुपये की निकासी कर ली गई. इसे लेकर कंपनी के प्रोपराइटर सुचित्रा अग्रवाल ने डेली मार्केट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
इसे भी पढ़ेंः ब्रांडिंग पर रघुवर सरकार का जोरः फ्लैक्स, होर्डिंग और विज्ञापन पर खर्च होंगे 21 करोड़




