
New Delhi: कोलकाता पुलिस के आयुक्त राजीव कुमार से सीबीआई नौ फरवरी को शिलॉन्ग में करोड़ों रुपये के सारदा चिटफंड घोटाले में पूछताछ करेगी. यह जानकारी अधिकारियों ने गुरुवार को दी. ज्ञात हो कि मंगलवार को ही उच्चतम न्यायालय ने राजीव कुमार को पूछताछ के लिए हाजिर होने और जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया था. साथ ही कोर्ट ने साफ किया है कि उनकी गिरफ्तारी नहीं होगी. इधर सीबीआई और ममता सरकार के बीच छिड़े विवाद के चार दिन बाद सीबीआई ने ममता बनर्जी के करीबी और टीएमसी के पूर्व सांसद कुणाल घोष को समन भेजा है.
जांच अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी राजीव कुमार से इसलिए पूछताछ करना चाहती है कि वह सारदा एवं अन्य पोंजी घोटाला मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी के प्रमुख थे.
10 फरवरी को कुणाल घोष से पूछताछ
एजेंसी ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सदस्य कुणाल घोष को पूछताछ के लिए दस फरवरी को शिलॉन्ग बुलाया है. अधिकारियों ने कोलकाता में बताया कि सीबीआई घोष द्वारा प्रवर्तन निदेशालय को लिखे 91 पन्ने के पत्र को आधार बना रही है जिसमें पोंजी घोटाले की जांच में कुमार की भूमिका का विस्तृत ब्यौरा है. घोष को टीएमसी ने निष्कासित कर दिया था.
इंडिया टुडे की खबर के अनुसार, पूर्व टीएमसी सांसद कुणाल घोष ने ही मुकुल रॉय और 12 अन्य लोगों को शारदा घोटाले में उनकी भूमिका के लिए फंसाया था. इसके बाद मुकुल रॉय को एसआईटी ने गिरफ्तार किया था. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट द्वारा जांच एजेंसी को केस ट्रांसफर किए जाने के बाद मात्र एक बार ही सीबीआई ने उनसे पूछताछ की.
कोलकाता ऑफिस में CBIके 10 अफसर अस्थायी तौर पर नियुक्त
राजीव कुमार सहित कुछ हाई प्रोफाइल संदिग्धों से पूछताछ के दौरान अतिरिक्त श्रम बल मुहैया कराने के लिए सीबीआई ने दिल्ली, भोपाल और लखनऊ इकाई के दस अधिकारियों को 20 फरवरी तक कोलकाता भेजा है. एक आधिकारिक आदेश में बताया गया कि नयी दिल्ली में विशेष इकाई के पुलिस अधीक्षक जगरूप एस. गुसिन्हा के साथ अतिरिक्त एसपी वी एम मित्तल, सुरेन्द्र कुमार मलिक, चंदर दीप, उपाधीक्षक अतुल हजेला, आलोक कुमार शाही और पी के श्रीवास्तव, निरीक्षक हरिशंकर चांद, रितेश दानही और सुरजीत दास कोलकाता में तैनात होंगे.
इसमें बताया गया कि ये अधिकारी अस्थायी रूप से सीबीआई ईओ-चार, कोलकाता में पदस्थ होंगे. उन्हें शुक्रवार तक कोलकाता पहुंचने के लिए कहा गया है और अस्थायी तौर पर वे 20 फरवरी तक वहां रहेंगे.




