
Akshay Kumar Jha
Ranchi: विधायक विधानसभा सत्र में जब अपने क्षेत्र की समस्याओं की बात रखते हैं, तो कभी-कभी यह भूल जाना पड़ता है कि वो सत्ता पक्ष के हैं या नहीं. यही हुआ गुरुवार को विधानसभा के बजट सत्र में. धनबाद से बीजेपी विधायक राज सिन्हा सदन में धनबाद बैंक मोड़ और आस-पास रोजाना लगने वाले जाम और उससे निजात कैसे पाया जाए, उसकी बात रखना चाहते थे. उन्होंने ध्यानाकर्षण के दौरान बुधवार को ही इस बात को उठाया था. लेकिन बुधवार को विभाग का जवाब नहीं होने से मंत्री माकूल जवाब नहीं दे पाए. अध्यक्ष ने इसे स्थगित करते हुए गुरुवार को फिर से लाने की बात कही थी. गुरुवार को फिर से राज सिन्हा को मौका मिला. उन्होंने ध्यानाकर्षण में सवाल किया कि आखिर कैसे धनबाद में बैंक मोड़ के आस-पास लगने वाले जाम से छुटकारा पाया जाए.
गलत जवाब देता है विभाग, करता है गुमराह
राज सिन्हा ने मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा का जवाब सुना. जवाब सुनने के बाद जो शब्द उन्होंने इस्तेमाल किए उसकी अपेक्षा कम-से-कम सत्ता पक्ष ने तो कभी नहीं की थी. उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि उनके सवाल का जवाब देने में सरकार गुमराह कर रही है. वो पूछ रहे हैं कि मटकुरिया-बैंक मोड़-पूजा सिनेमा तक बनने वाले फ्लाईओवर का क्या हुआ. तो सरकार इसके बदले में मटकुरिया-आरा मोड़ तक और जोड़ा फाटक से बेकार बांध तक बनने वाली सड़क का नक्शा दिखा रही है और उन्हीं दोनों सड़कों की स्टेटस बता रही है. राज सिन्हा ने झल्लाते हुए कहा कि सरकार जिस सड़क की बात कर रही है उससे बैंक मोड़ के पास लगने वाले जाम का कोई वास्ता नहीं है. मंत्री से पूछा कि क्या इन दोनों सड़क का डीपीआर बनाने, नक्शा पास करने से पहले धनबाद के किसी जनप्रतिनिधि से राय ली गयी थी. साथ ही कहा कि एसी रुम में बैठकर अधिकारी नक्शा बना देते हैं, जिससे विभाग गुमराह होता है और इसका असर पब्लिक पर पड़ता है.
मंत्री बोले कई बिल्डिंग्स तोड़ने होंगे, हेमंत ने कहा सरकार को क्या परेशानी
राज सिन्हा के बागी तेवर देखने के बाद नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन का भी साथ उन्हें मिला. उन्होंने सदन में कहा कि वाकई धनबाद में जाम की समस्या काफी गंभीर है. विधायक राज सिन्हा की मांग जायज है. इससे पहले मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने फ्लाई ओवर को लेकर बताया था कि जिस फ्लाई ओवर की बात विधायक कर रहे हैं. उसका भी सर्वे हुआ है. सर्वे में पाया गया कि अगर मटकुरिया-बैंक मोड़-पूजा सिनेमा तक फ्लाई ओवर बनता है, तो काफी बिल्डिंग्स तोड़ने होंगे. इसलिए दो बाईपास निकाला जा रहा है ताकि बैंक मोड़ के पास ट्रैफिक का बोझ कम हो. इस पर चुटकी लेते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि आखिर कठोर निर्णय लेने वाली बहुमत वाली सरकार को किस बात का डर है. इसके अलावा हेमंत ने कहा कि क्या कांटाटोली फ्लाई ओवर के लिए मकान नहीं तोड़े जा रहे हैं. क्या रातु बाईपास के लिए बिल्डिंग्स नहीं ढहाये जा रहे हैं. मामले पर विधायक राज सिन्हा को सत्ता पक्ष की तरफ से निर्भय शाहबादी और विपक्ष की तरफ से अरूप चटर्जी का साथ मिला.
राज सिन्हा ने कहा माफ कर दीजिए लेकिन फ्लाई ओवर दे दीजिए
विधायक राज सिन्हा की तरफ से गुमराह करने वाली बात को लेकर मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा थोड़े नाराज हुए. उन्होंने कहा कि सरकार गुमराह नहीं करती. ना ही ठग रही है. टीम ने धनबाद जाकर सर्वे किया है. कोई कमरे में बैठकर नक्शा पास नहीं किया गया है. ऐसा कह देना कि सरकार गुमराह कर रही है, गलत है. इस बार धनबाद से बीजेपी विधायक राज सिन्हा ने कहा माफ कर दीजिए, लेकिन एक बार जरूर विचार करें. धनबाद की जनता परेशान है. इसलिए बोल रहा हूं. मंत्री ने कहा कि मुझे भी माफ कर दीजिए. लेकिन सरकार गुमराह नहीं कर रही है. मंत्री ने यह भी कहा कि आपने ध्यानाकर्षण में इस बात को लाया है. सरकार इसपर जरूर विचार करेगी. इतना सुनने के बाद अध्यक्ष दिनेश उरांव ने राज सिन्हा से कहा कि अब तो बैठ जाएं. विधायक ने कहा आप नहीं जानते कि क्या असर होगा. इसपर अध्यक्ष ने कहा कि असर क्या होता है, सभी जानते हैं. अब मैं इससे ज्यादा क्या कर सकता हूं.
इसे भी पढ़ें – सीएम के जवाब के बावजूद घटिया मोबाइल बांटने के मामले में सीएस को देना होगा जवाब
इसे भी पढ़ें – चौतरफा घिरे बिजली वितरण निगम के एमडी राहुल पुरवार, जनप्रतिनिधि के सवाल पर साध ली चुप्पी




