JharkhandPalamu

विधायक के घर शादी समारोह में गए छात्र की हत्या, शव बरामद

Palamu : डालटनगंज के विधायक आलोक चौरसिया की बहन की शादी समारोह में शामिल होने गए आठवीं कक्षा के छात्र शिवम कुमार उर्फ छोटू की लाश बरामद की गयी है. शिवम रविवार की रात करीब आठ बजे अपने घर से विधायक के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए कहकर निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा.

रात से ही उसकी खोजबीन की जा रही थी, लेकिन सोमवार को नगवा गांव स्थित तालाब से उसकी लाश बरामद की गयी. युवक के गले पर निशान पाया गया. गला दबाकर हत्या होने की संभावना व्यक्त की जा रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ ठोस जानकारी दी जा सकती है. युवक की हत्या प्रेम प्रसंग में किए जाने की चर्चा है.

जानकारी के अनुसार नगवा गांव के तालाब में तिरता एक युवक का शव देखा गया. शव देखे जाने की खबर फैलते ही की शिवम के परिजन भी मौके पर पहुंचे. बाद में उसकी पहचान नरसिंहपुर पथरा निवासी अखिलेश मोची के पुत्र शिवम कुमार के रूप में की गयी. शिवम विमला पांडेय मेमोरियल ज्ञान निकेतन के आठवीं का छात्र बताया गया है.

परिजनों ने बताया विधायक आलोक चौरसिया के यहां से शादी में शामिल होने का निमंत्रण मिलने के बाद परिवार की ओर से शिवम को वहां भेजा गया था. उन्होंने बताया कि हत्या क्यों की गयी, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से उचित जांच की मांग की है, ताकि हत्यारों को कड़ी सजा मिल सके.

हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. शुरूआती जांच में पुलिस गला दबाकर हत्या मान रही है, जिले के पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा ने बताया कि मृतक की मां बसंती देवी के बयान पर मामला दर्ज किया गया है. पूरे मामले की छानबीन की जा रही है. जल्द मामले का उद्भेदन कर दिया जायेगा.

Related Articles

Back to top button