
Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम में एक बड़ा हादसा हुआ है. इलाके के उल्लाहवास गांव में एक 4 मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिर गई है. हादसा गुरुवार सुबह पांच बजे के करीब हुआ. बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त इमारत में आठ लोग मौजूद थे. ये सभी लोग मलबे में दब गए हैं. इधर घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंच गई है. मलबेमें दबे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है.
आसपास की इमारतों को भी नुकसान
निर्माणाधीन इमारत के गिरने के कारण आसपास की इमारतें भी इसकी चपेट में आ गई हैं. जिससे आसपास की इमारतों को भी नुकसान हुआ है. सेक्टर- 65 में स्थित इमारत में ये हादसा हुआ. एनडीआरएफ की 3 टीमें भी राहत और बचाव कार्य के लिए पहुंच चुकी है. इस निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने से ठीक पहले इलाके में जोरदार बारिश हुई थी. बारिश को भी इमारत ढहने की वजह माना जा रहा है. फिलहाल जेसीबी से मलबे को हटाया जा रहा है. इधर घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए.
गौरतलब है कि इससे पहले भी NCR में इमारत ढही है. पिछले साल ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी इलाके में एक इमारत ढह गई थी, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई थी. मामले में पुलिस ने 24 लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या समेत कई धाराओं के तहत मामला भी दर्ज किया था. कई लोगों को गिरफ्तारी भी की गई थी.
इसे भी पढ़ेंः गठबंधन की सरकार से अर्थव्यस्था की रफ्तार पड़ेगी धीमी- रघुराम राजन




