
NewDelhi : मैं दिवाली में पांच दिनों के लिए कहीं जंगल में चला जाता था. एक ऐसी जगह जहां केवल साफ पानी हो और इंसान नहीं हो. हिमालय से लौटने के बाद तय किया था कि शांति के लिए हर साल कुछ समय के लिए दूर जाकर आत्मनिरीक्षण करेंगे. यह कथन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है. एक इंटरव्यू में मोदी ने अपने जीवन के उस दौर का जिक्र किया है जब वह संघ प्रचारक थे और अपने कर्तव्यों से इतर हर साल कुछ समय के लिए जंगल चले जाते थे. पीएम ने कहा, ज्यादा लोगों को नहीं पता होगा कि मैं दिवाली के पांच दिनों के लिए कहीं जंगल में चला जाता था. बता दें कि ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे फेसबुक पेज पर पीएम मोदी के इंटरव्यू के अंश शेयर किये जा रहे हैं. इंटरव्यू में पीएम कहते हैं कि मैं उन पांच दिनों के लिए पर्याप्त खाने की चीजें भी ले जाता था. वहां कोई रेडियो या अखबार नहीं होता था और उस समय टीवी और इंटरनेट नहीं था.
सोचिए और आत्ममंथन कीजिए.
अकेले में बिताया गया वह समय अब भी जीवन और उसके तमाम अनुभवों के साथ तालमेल बनाने की ताकत देता है. इंटरव्यू के क्रम में नरेंद्र मोदी कहते हैं कि लोग अक्सर मुझसे पूछते थे कि आप किससे मिलने के लिए जा रहे हो तो मेरा जवाब होता था कि मैं मुझसे मिलने जा रहा हूं. पीएम ने कहा कि इसीलिए मैं हमेशा सभी से खासतौर से मेरे युवा दोस्तों से आग्रह करता हूं कि अपनी भागदौड़ भरे जीवन और व्यस्त शेड्यूल्स के बीच कुछ समय निकालिए… सोचिए और आत्ममंथन कीजिए. यह आपके नजरिए को बदल देगा. आप खुद को बेहतर तरीके से समझने लगेंगे. पीएम ने कहा, आप दुनिया की सच्चाई के साथ जीना शुरू कर देंगे. यह आपमें ज्यादा आत्मविश्वास पैदा करेगा, दूसरे आपके बारे में क्या कहते हैं इससे आप परेशान नहीं होंगे. भविष्य में ये चीजें आपकी सहायता करेंगे. ऐसे में मैं आप सभी से कहना चाहता हूं कि एक बात याद रखिए कि आप स्पेशल हो और जीवन के प्रकाश को बाहर ढूंढने की जरूरत नहीं है… वह पहले से ही आपके भीतर है.
आरएसएस कार्यालय में बर्तन भी धोये
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने इंटरव्यू में कहा है कि मुझे याद है जब पहली बार मैं अहमदाबाद आया था. यहां पर मैंने अपने चाचा की एक कैंटीन में काम शुरू किया. यही से मेरी जिंदगी को नहीं राह मिली. चाचा की मदद करते हुए मैं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ा और एक पूर्णकालीन प्रचारक बन गया. यहां पर मुझे अलग-अलग तरह के लोगों के साथ बातचीत करने और उनके साथ काम करने का अवसर मिला. हम सभी लोग आरएसएस के कार्यालय को साफ करते थे और चाय बनाते थे. हमने आरएसएस कार्यालय में बर्तन भी धुले.
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि जब वह छोटे थे तब उन्हें हिंदी आती ही नहीं थी. वह रोज पिता के साथ सुबह चाय की दुकान खोला करते थे. दुकान की साफ-सफाई की जिम्मेदारी उनके ऊपर थी. कुछ देर में ही लोगों का आना शुरू हो जाता था. पिता जब उन्हें चाय देने को बोलते तो वह लोगों की बात सुना करते थे. धीरे-धीरे उन्हें हिंदी बोलना आ गया.
इसे भी पढ़ें : चीन को पीछे छोड़ आगे निकल जायेगी भारतीय अर्थव्यवस्था : रघुराम राजन




