
New Delhi: चुनावी सरगर्मी के बीच कांग्रेस ने जहां ब्रह्मास्त्र चलाते हुए प्रियंका गांधी को पार्टी महासचिव बनाया है. वहीं बीजेपी ने इसे लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तंज कसा है. बीजेपी ने कांग्रेस के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 2019 चुनाव से पहले कांग्रेस का ये फैसला, साबित करता है कि राहुल गांधी फेल हो गए हैं.
फेल हो गए राहुल- बीजेपी
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा का कहना है कि इस फैसले से साफ है कि राहुल गांधी फेल हो गए हैं. पात्रा ने कहा कि आज ये सिद्ध हो गया है कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है. साथ ही कहा कि महागठबंधन से नकारे जाने के बाद बैसाखी परिवार से ही ढूंढी जा रही है.
प्रियंका गांधी को महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने पर बीजेपी की वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस ने आज घोषणा कर दी है कि राहुल गांधी फेल हो गए हैं. ज्ञात हो कि स्मृति ईरानी 2014 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से चुनाव लड़ी थी. जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.
यूपी ईस्ट के लिए @INCIndia Gen Secy के रूप में प्रियंका वाड्रा 2019 के सबसे UN-EVENTFUL NEWS हैं। फिर भी, चमचों के लिए यह बड़ी बात है! “प्रियंका कार्ड” हर चुनाव से पहले खेला गया! यह हर बार फ्लॉप हो गया।
परिवार रजनीति के सुविधाएं: हर बार असफल, फिर भी पदोन्नति!!
कमाल की बात है! pic.twitter.com/kpN9LrYqHD— GVL Narasimha Rao (@GVLNRAO) January 23, 2019
वहीं बीजेपी के नेता जीवीएल नरसिम्हाराव का कहना है कि कांग्रेस का ये प्रियंका कार्ड चुनाव से पहले आता है और फेल हो जाता है. ये सिर्फ एक परिवार की राजनीति है.
वंशवाद को बचाने का आखिरी प्रयास- जेडीयू
इधर बीजेपी की सहयोगी जेडीयू ने प्रियंका गांधी का राजनीति में स्वागत करते हुए राहुल पर निशाना भी साधा. केसी त्यागी ने कहा, “हम प्रियंका गांधी राजनीति में स्वागत करते हैं. गांधी नेहरू परिवार की पार्टी है, उनके परिवार के कई सदस्य पहले से राजनीति में हैं. प्रियंका गांधी एक बड़ी नेता के तौर उभरेंगी इसमें कोई शक नहीं है. जिस अवसर पर उन्हें पद दिया गया है वो गठबंधन में जगह ना मिलने पर छटपटाहट का नतीजा है. इससे कांग्रेस और एसपी-बीएसपी दोनों तीखे होंगे. गांधी-नेहरू परिवार के वंशवाद को बचाने का आखिरी प्रयास है.”
दमखम से लड़ेंगे चुनाव- कांग्रेस
बीजेपी भले ही इस फैसले को लेकर कांग्रेस को घेर रही हो, लेकिन पार्टी में प्रियंका गांधी के आने से नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी है. अमेठी से कांग्रेस नेता दीपक सिंह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि इस मांग को काफी समय से उठाया जा रहा था. वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा ने कहा कि कांग्रेस यूपी में पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेगी. साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रियंका के पार्टी में आने का असर पूरे प्रदेश में पड़ेगा.
इसे भी पढ़ेंः 2019 से पहले कांग्रेस का बड़ा दांवः प्रियंका की राजनीति में इंट्री, पार्टी महासचिव के साथ पूर्वी यूपी का प्रभार




