National

महाराष्ट्र एटीएस ने आतंकी साजिश नाकाम की, आईएसआईएस से संबंध रखने वाले नौ संदिग्ध गिरफ्तार

Mumbai : इस्लामिक आतंकी संगठन आईएसआईएस से संबंध रखने वाले नौ युवकों के पुलिस गिरफ्त में आने की खबर है. खबरों के अनुसार  महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस)  ने इस्लामिक आतंकी संगठन आईएसआईएस से संबंध रखने और आतंकी साजिश को अंजाम देने की कोशिश में लगे नौ संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि इनमें से चार औरंगाबाद से और पांच युवक ठाणे के मुम्ब्रा से पकड़े गये हैं. उनमें एक नाबालिग भी शामिल है, जिसकी उम्र 17 साल बताई जा रही है. एटीएस के अनुसार गिरफ्तार युवक आतंकी साजिश को अंजाम देने वाले थे.

जानकारी दी गयी है कि उनके पास से केमिकल पाउडर, एसिड पाउडर, धारदार हथियार, हार्ड ड्राइव, मोबाइल फोन, सिम कार्ड जब्त हुए हैं.  हालांकि अभी तक इस बात की जानकारी नहीं मिल पायी है कि आखिर ये कहां-कहां आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश में थे. एटीएस के अनुसार उन्हें बहुत पहले से युवकों पर शक था. इसलिए एक से ज्यादा टीमें कई हफ्तों से युवकों पर नजरें रखे हुई थी. आतंकी साजिश और उनकी अवैध गतिविधियों की सूचना पुख्ता होने के बाद सोमवार रात को एक साथ ही औरंगाबाद और ठाणे में सभी के घरों में छापा मारकर तलाशी ली गयी.

भादवी की धारा 120 बी के साथ आतंकी कानून यूएपीए की धाराएं भी लगी

इन सभी युवकों को पहले हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी और उसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार युवकों के खिलाफ भादवी की धारा 120 बी के साथ आतंकी कानून यूएपीए की धाराएं भी लगाई गयी हैं. बता दें कि इससे पहले दिसंबर में  महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते ने पुणे और पंजाब से दो खालिस्तान समर्थकों को गिरफ्तार किया था. मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी थी कि ये दोनों पाकिस्तान और दूसरी जगहों पर खालिस्तानी अलगाववादियों के संपर्क में थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो दिसंबर को अवैध तौर पर देशी पिस्तौल और पांच कारतूस रखने के लिए शस्त्र कानून के तहत कर्नाटक निवासी हरपाल सिंह नगरा (42) को पुणे जिले में चाकन से गिरफ्तार किया गया.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह आजाद खालिस्तान का समर्थक है और इंटरनेट के जरिए हथियार खरीदारी में संलिप्त था और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टर बनाता था. बता दें कि महाराष्ट्र एटीएस ने ही पिछले साल मुंबई से सटे नालासोपारा में सनातन संस्था से जुड़े एक पदाधिकारी वैभव राउत को गिरफ़्तार किया था. एटीएस सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार वैभव राउत के घर से 20 देसी बम और दो जिलेटिन स्टिक मिली थी. एटीएस से पूछताछ के बाद दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था.

इसे भी पढ़ेंः जयराम रमेश, कारवां के खिलाफ डोभाल के बेटे की मानहानि याचिका पर सुनवाई 30 को

Related Articles

Back to top button