
Bermo : बोकारो थर्मल डीवीसी पावर प्लांट मेन गेट के समीप मंगलवार को सीएचपी के मजदूरों का वेतन भुगतान को लेकर पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आमरण अनशन शुरू हो गया है. आमरण अनशन का नेतृत्व इंटक के बैनर तले बेरमो प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह एवं दूधनाथ प्रसाद कर रहे थे. आमरण अनशन को डीवीसी कर्मचारी संघ का भी समर्थन प्राप्त है.
ठेकेदार ने सूचना लगाकर किया काम बंद
अनशनस्थल पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, असंगठित कांग्रेस के दूधनाथ प्रसाद और कर्मचारी संघ के सचिव सदन सिंह ने कहा कि स्थानीय पावर प्लांट के सीएचपी में रैक अनलोडिंग के कार्य में 32 मजदूर विगत एक दसक से काम करते आ रहे हैं. 23 नवंबर 2018 को रैक अनलोडिंग के कार्य में लगे ठेकेदार के द्वारा एक सूचना लगाकर काम बंद कर दिया गया और कार्यरत मजदूरों का वेतन भुगतान नहीं किया जा सका. मजदूरों के वेतन भुगतान करवाने को लेकर पूर्व में विभाग के वरीय अधिकारियों से वार्ता भी की गयी परंतु नतीजा कुछ भी नहीं निकला.
मजदूरों को वेतन भुगतान नहीं किया गया
इस संबंध में जब भी डीवीसी अधिकारियों से मजदूरों को नोटिस लगाकर हटाये जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने ऐसे किसी भी सूचना से इंकार करते हुए मजदूरों का वेतन पूर्व की ही भांति भुगतान किये जाने की बात कही गयी थी. परंतु अब तक उसका कोई भुगतान एवं समाधान नहीं किया जा सका है, जिसके कारण उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट आ पड़ा है. मजदूरों के वेतन भुगतान मुद्दे पर प्रोजेक्ट हेड के द्वारा भी भुगतान करने का आदेश दिया गया था. बावजूद मजदूरों को वेतन भुगतान नहीं किया गया. अंततः मजदूरों ने मांगों को लेकर पावर प्लांट गेट के समक्ष 15 जनवरी से आमरण अनशन करने का निर्णय लिया है. यूनियन नेताओं ने कहा कि बोकारो थर्मल पावर प्लांट में विभिन्न कंपनियों एवं ठेकेदारों के तहत काम करने वाले मजदूर हैं. उनका प्रबंधन और ठेकेदार मिलकर शोषण कर रहे हैं. मौके पर गोविंदपुर सी पंचायत के समिति सदस्य संजय सिंह भी मौजूद थे.
प्रबंधन ने बुलाया वार्ता को
आमरण अनशन करने वाले मजदूरों के प्रतिनिधियों को डीवीसी प्रबंधन ने वार्ता के लिए आमंत्रित किया है. वार्ता सकारात्मक रही तो मजदूरों का आंदोलन समाप्त कर दिया जाएगा, अन्यथा आंदोलन जारी रहेगा.




