Jharkhand

निशा भगत मौत मामला: पिता के आवेदन पर FIR दर्ज, दो लोग नामजद; ST आयोग ने लिया संज्ञान

निशा भगत मौत मामला: पिता के आवेदन पर FIR दर्ज, दो लोग नामजद; ST आयोग ने लिया संज्ञान

Ranchi: झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में रांची के पिठोरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। निशा के पिता हिंदू भगत की शिकायत पर केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और आदिवासी नेत्री ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया गया है। वहीं, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए राज्य के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगने की बात कही है।

पिता ने लगाया मानसिक प्रताड़ना और साजिश का आरोप

गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित उरु गांव निवासी हिंदू भगत ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी निशा को झूठे मुकदमे में फंसाकर मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उन्होंने दावा किया कि अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और चर्च से जुड़े कुछ लोगों ने मिलकर निशा पर मानसिक दबाव बनाया।

पिता का आरोप है कि सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी बेटी का चरित्र हनन किया गया और उसके खिलाफ दुष्प्रचार किया गया। उन्होंने इसे आपराधिक षड्यंत्र बताते हुए कहा कि उनकी बेटी की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि कथित साजिश का परिणाम है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है।

सोशल मीडिया पर लाइव आकर बयां की थी पीड़ा

हिंदू भगत के अनुसार, निशा ने अपनी मौत से पहले शुक्रवार दोपहर सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी पीड़ा साझा की थी। पिता का दावा है कि इस लाइव प्रसारण में निशा ने कई लोगों के नाम और अपने साथ हुई घटनाओं का जिक्र किया था।

इसके बाद पिता ने पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारियों से मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील भी की है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले के तथ्यों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी सतीश पांडेय के स्तर पर भी मामले से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

वहीं, मुख्यालय वन डीएसपी अनर पांडेय ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पर किए गए दावों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच करेगी।

राष्ट्रीय एसटी आयोग ने लिया संज्ञान

निशा भगत की मौत का मामला राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग तक भी पहुंच गया है। आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने बताया कि राज्य के वरीय अधिकारियों को पत्र भेजकर पूरे मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी जाएगी।

उन्होंने कहा कि निशा ने मौत से पहले फेसबुक लाइव के माध्यम से कुछ लोगों पर प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए थे। आयोग मामले से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने की दिशा में कार्रवाई करेगा।

फिलहाल, पुलिस जांच और आयोग की रिपोर्ट के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button