
Ranchi. इंप्रेशन पब्लिक स्कूल, बुंडू में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर वार्षिक उत्सव समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी एवं जद (यू) के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र तिवारी रहे। समारोह की शुरुआत विद्यालय के निदेशक दीपक मिश्रा द्वारा स्वागत एवं दीप प्रज्वलन से हुई। ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की अतिथियों ने सराहना की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अभिभावकों और दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि राष्ट्र का भविष्य विद्यालयों में ही गढ़ा जाता है। उन्होंने बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए विद्यालय में संचालित योग, प्राणायाम और ध्यान कार्यक्रमों की प्रशंसा की तथा अनुशासन, नियमित अध्ययन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्राचार्या पद्मा मिश्रा, निदेशक दीपक मिश्रा, भूतपूर्व सैनिक चंद्रधर मिश्रा, समाजसेवी फूलचंद पूरण, रसराज पुराण, सचिन भारती, शुभम गुप्ता सहित शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




