JharkhandLead NewsRanchi

बेड़ो–खूंटी NH चौड़ीकरण परियोजना अटकी, अब भू-अर्जन पूरा होने पर ही नया टेंडर

Ranchi. बेड़ो से खूंटी तक एनएच-143AG के चौड़ीकरण का बहुप्रतीक्षित काम एक बार फिर अटक गया है। टू लेन प्लस पेव्ड शोल्डर और कुछ हिस्सों में फोर लेन विकसित किए जाने की इस परियोजना पर करीब 492 करोड़ रुपये खर्च होने थे, लेकिन भूमि अधिग्रहण में लगातार हो रही देरी ने पूरे काम को रोक दिया है। इसी कारण मंत्रालय ने जारी टेंडर को रद्द करते हुए साफ कर दिया है कि अब आगे की निविदा केवल भू-अर्जन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही निकाली जाएगी।

इस निर्णय के बाद इस मार्ग पर चलने वाले लोगों को अब सड़क चौड़ीकरण के लिए और लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

जानकारी के अनुसार यह मार्ग रांची और खूंटी के बीच आवागमन का बेहद महत्वपूर्ण कड़ी है। चौड़ीकरण हो जाने से ट्रैफिक सुचारू होता और दुर्घटनाओं का जोखिम कम होता। एनएच ने इसे अपने अधीन लेकर 48 किलोमीटर सड़क निर्माण की योजना बनाई थी, जिसमें रांची जिले में 13.5 किमी और खूंटी जिले में 34.5 किमी हिस्सा शामिल है। दोनों जिलों को अधिग्रहण के लिए राशि भी उपलब्ध करा दी गई थी, लेकिन कई आवश्यक प्रक्रियाएँ पूरी न होने से जमीन मिल नहीं सकी।

सड़क की वर्तमान स्थिति

यह मार्ग पहले पथ निर्माण विभाग के अधीन था। सड़क संकरी होने के कारण वाहनों की आवाजाही में दिक्कत और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए सड़क को चौड़ा करने की योजना बनाई गई थी, जो अब भूमि उपलब्ध न होने के कारण ठप पड़ी हुई है।

Related Articles

Back to top button