Court NewsJharkhandRanchi

SC: सहायक आचार्य नियुक्ति का रिजल्ट 14 अगस्त तक जारी करें, नहीं होने पर 18 अगस्त को झारखंड सरकार के मुख्य सचिव, जेएसएससी सचिव, शिक्षा सचिव सुप्रीम कोर्ट में हों हाजिर

Ranchi: सहायक आचार्य  (कुल 26001 पद) नियुक्ति मामले में अब तक पूरा रिजल्ट नहीं जारी करने पर सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताई है. कोर्ट ने कहा है कि अगर 14 अगस्त तक सभी कैटिगरी  के कुल 26001 पदों का रिजल्ट जारी नहीं हुआ तो 18 अगस्त को झारखंड सरकार के मुख्य सचिव , जेएसएससी,  शिक्षा सचिव एवं शिक्षा उपसचिव को कोर्ट में हाजिर होना होगा. सुप्रीम कोर्ट ने सहायक आचार्य नियुक्ति मामले में परिमल कुमार एवं अन्य की अवमानना याचिका पर सुनवाई करते हुए  यह आदेश दिया है. सुनवाई के दौरान प्रार्थी की ओर से कोर्ट को  जानकारी दी गई की गणित एवं विज्ञान विषय में कक्षा 6 से 8 तक में 5008 सीट के विरुद्ध केवल 1661 अभ्यर्थियों का ही रिजल्ट जारी हुआ है , जबकि दस्तावेज वेरिफिकेशन में 2734 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था. 400 अभ्यर्थियों को दस्तावेज वेरिफिकेशन में बुलाया गया जिसमें कोई त्रुटि भी नहीं थी इसके बाद भी उनका रिजल्ट जारी नहीं हुआ. गणित एवं साइंस विषय में कई  अभ्यार्थियों का नंबर  पासिंग मार्क्स से अधिक है लेकिन उन्हें दस्तावेज वेरिफिकेशन में नहीं बुलाया गया.  सोशल साइंस विषय का रिजल्ट अबतक जारी नहीं हुआ है . इसके अलावा कक्षा 1 से 5 तक के लिए सहायक आचार्य का  रिजल्ट जारी नहीं हुआ है.

पिछले सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने मामले में झारखंड सरकार के मुख्य सचिव एवं जेएसएससी  सचिव को एक माह के भीतर सहायक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था.  सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि अगर अनुपालन रिपोर्ट राज्य सरकार की ओर से फाइल नहीं किया जाता है तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू की जाएगी. परिमल कुमार एवं अन्य की ओर से  वरीय अधिवक्ता गोपाल शंकर नारायणन एवं  अधिवक्ता अमृतांश वत्स ने पक्ष रखा.

Related Articles

Back to top button