
Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक एवं सचेतकों के नामों की घोषणा कर दी है. हटिया विधायक नवीन जायसवाल को भाजपा ने मुख्य सचेतक बनाया है. धनबाद के विधायक राज सिन्हा एवं बगोदर विधायक नागेंद्र महतो को सचेतक बनाये जाने की घोषणा हुई है. इन तीनों को मिली नयी जिम्मेदारी के लिए प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ रविंद्र कुमार राय, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा, मनोज कुमार सिंह,उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय,राकेश प्रसाद ,पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी सहित पार्टी नेताओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.

पार्टी कार्यालय में बधाई का दौर
झारखंड विधानसभा में मुख्य सचेतक बनने के बाद हटिया विधायक नवीन जयसवाल के भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में पहुंचे. वहां संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह , प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने भारतीय जनता पार्टी का अंग वस्त्र देकर उन्हें सम्मानित किया. आने वाले सत्र में जनता की आवाज बनकर उत्कृष्ट कार्य करने की बात कही.
मौके पर मुख्य सचेतक, झारखंड विधानसभा नवीन जयसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष झारखंड बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित सभी शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद है, जिन्होंने एक कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. उन्होंने आश्वस्त किया की न सिर्फ मानसून सत्र में बल्कि सभी सत्र के दौरान झारखंड विधानसभा में जनता की आवाज बन कर युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, दलित शोषित वंचितों और झारखंड के समस्त नागरिकों की आवाज बनकर कार्य वे करेंगे. उधर, धनबाद और बगोदर विधायक ने भी सचेतक पद का दायित्व मिलने पर पार्टी के शीर्ष नेताओं के प्रति आभार जताया है.




