
Principal Correspondent
Ranchi: झारखंड में अब ‘कैथोलिक आदिवासी’ भी दिखने लगे हैं. आदिवासियों के बीच इस नये शब्द के प्रयोग को लेकर कई अर्थ निकाले जा रहे हैं. सियासत भी शुरू है. कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने पिछले दिनों जमशेदपुर में एक कार्यक्रम में भागीदारी करते कैथोलिक आदिवासी शब्द का प्रयोग किया था. इसके बाद से पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी और चंपाई सोरेन हमलावर हैं. दोनों ने ‘कैथोलिक आदिवासी’ शब्द के प्रयोग पर ताज्जुब जताते सवाल भी खड़ा किया है. आदिवासी समाज को इस मामले में जागने और सजग होने की भी अपील की है. बाबूलाल ने कहा है कि ईसाई धर्म में मतांतरण कर चुके कुछ लोग ‘कैथलिक आदिवासी’ जैसे भ्रामक शब्दों का इस्तेमाल कर आदिवासी समाज को गुमराह करने की साजिश रच रहे हैं. पैसों और राजनीतिक स्वार्थ के लालच में मतांतरण कर ईसाई बन चुके ये लोग सिर्फ आरक्षण का अनुचित लाभ उठाने के लिए खुद को आदिवासी बता रहे हैं.
बाबूलाल ने कैथलिक समुदाय को चेतावनी देते कहा कि वे स्पष्ट सुन लें कि उन्हें अपने धर्म का पालन करने की पूरी स्वतंत्रता है. लेकिन यदि लोभ, लालच, भय और साजिश के तहत आदिवासी समाज को मिटाने का षड्यंत्र किया गया, तो इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आदिवासी समाज चर्च के फरमानों से नहीं चलेगा, बल्कि यह अपनी दिशा सनातन आस्था और सरना स्थल, मांझी थान तथा जाहेर थान जैसे पारंपरिक श्रद्धा केंद्रों से तय करेगा. झारखंड में अब जल्द ही आदिवासी समाज को संगठित कर विदेशी साजिशों को नाकाम करने का आंदोलन प्रारंभ किया जाएगा, ताकि अपनी सांस्कृतिक पहचान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की जा सके. बाबूलाल ने इस मामले में स्थानीय प्रशासन से भी अनुरोध किया है कि ऐसे मामले का संज्ञान लेकर संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कारवाई सुनिश्चित करें.
कैथोलिक आदिवासी छलावा: चंपाई
चंपाई सोरेन ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने एक नया शब्द सुना- कैथोलिक आदिवासी. कोई इन्हें बताये कि या तो आप कैथोलिक हो सकते हैं या फिर आदिवासी. दोनों एक साथ होना संभव ही नहीं है, क्योंकि संविधान के हिसाब से आदिवासी अनुसूचित जनजाति में आते हैं, जबकि ईसाई अल्पसंख्यक में. नवंबर 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने अपने निर्णय में कहा है कि ईसाई धर्म में जाति व्यवस्था नहीं होती इसलिए धर्म परिवर्तन के साथ ही आप दलित/ आदिवासी होने की पहचान खो देते हैं. आदिवासियों की पहचान उनकी विशिष्ट संस्कृति, परंपराओं, भाषा, और जीवनशैली में निहित है. हम पेड़ के नीचे बैठ कर पूजा करने वाले लोग हैं. जन्म से लेकर मृत्यु तक, हमारे जीवन के सभी संस्कारों को पाहन, पड़हा राजा, मानकी मुंडा एवं मांझी परगना पूरा करवाते हैं, जबकि धर्म परिवर्तन के बाद वे लोग इसके लिए चर्च में जाते हैं. वहां मरांग बुरु या सिंग बोंगा की पूजा होती है क्या?
जिस किसी ने भी धर्म परिवर्तन कर लिया अथवा आदिवासी जीवनशैली का त्याग कर दिया, उनसे हमें कोई दिक्कत नहीं है. आप जहां हैं, आराम से रहिए, लेकिन हम यह सुनिश्चित करेंगे कि भारतीय संविधान द्वारा आदिवासी समाज को दिए गए आरक्षण के अधिकार में आप अतिक्रमण ना कर सकें. चंपाई ने आदिवासियों से जागने की भी अपील की है.
शिल्पी ने कैथोलिक आदिवासी पंचायत में की थी भागीदारी
गौरतलब है कि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की पिछले दिनों कैथोलिक आदिवासी पंचायत समिति के द्वारा संत जोसेफ स्कूल परिसर जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुई थी. इस दौरान कहा था कि नई पीढ़ी के लिए आदिवासी परंपरा और संस्कृति की जानकारी के साथ लगाव जरूरी है. देश में आदिवासी समाज वीरता और सामूहिकता का प्रतीक है. आदिवासी समाज को वनवासी की संज्ञा दे कर, उनके अस्तित्व को धूमिल करने की एक साजिश रची जा रही है. इस साजिश का जवाब अपनी संस्कृति से जुड़ाव अपनी परम्परा का निर्वहन के साथ समाज का विकास है. इसलिए संविधान को बदलने या कमजोर करने की साजिश के खिलाफ प्रतिकार हम सबका लोकतांत्रिक अधिकार है.




