
Ranchi: झारखंड हाई कोर्ट ने आज दो जनहित याचिका में अपना फैसला सुनाया है. हाइकोर्ट ने दोनों ही जनहित याचिका में प्रार्थी को राहत नहीं देते हुए उनकी याचिका खारिज कर दी है. इनमें से एक जनहित याचिका में प्रार्थी संतोष कुमार सोनी ने सरायकेला के खरकई डैम प्रोजेक्ट में 6 हजार करोड़ से अधिक राशि खर्च किए जाने के बाद राज्य सरकार द्वारा इसे बंद करने पर आपत्ति जताते हुए जनहित याचिका दायर की थी. कोर्ट ने इस पर हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए यह याचिका खारिज कर दी. प्रार्थी का कहना था कि 6 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च करने के बाद खरकई डैम प्रोजेक्ट को वर्ष 2020 में एक पत्र लिखकर इस प्रोजेक्ट को बंद कर दिया गया था. दरअसल, वर्ष 1978 में एकीकृत बिहार , उड़ीसा एवं पश्चिम बंगाल सरकार के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता हुआ था. इसी के तहत खरकई डैम प्रोजेक्ट किया जा रहा था. लेकिन वर्ष 2020 में बिना कारण के इस प्रोजेक्ट को रोक दिया गया. जबकि इस डैम के प्रोजेक्ट के लिए जमीन का अधिग्रहण भी हो चुका है और प्रभावित विस्थापितों को बसाने के लिए नया जगह भी बन चुका है. ऐसे में इस प्रोजेक्ट को पूरा किया जाना चाहिए था.
76 करोड खर्च के बाद भी धनबाद में रिंग रोड निर्माण शुरू नहीं
वहीं दूसरी जनहित याचिका में प्रार्थी अजय नारायण लाल ने धनबाद में वर्ष 2011 मे प्रस्तावित रिंग रोड के निर्माण कार्य शुरू नहीं किए जाने का मामला उठाते हुए जनहित याचिका दायर की थी. इस याचिका को भी हाई कोर्ट ने आज खारिज कर दिया.कोर्ट को प्रार्थी की ओर से बताया गया था कि 16 मई 2011 को राज्य सरकार ने धनबाद में रिंग रोड बनाने के लिए अधिसूचना निकली थी. सरकार की एजेंसी झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार को रिंग रोड बनाने की जिम्मेदारी मिली थी. लेकिन रिंग रोड के लिए कोई प्लान नहीं बनाया गया और इसका निर्माण कार्य भी 13 वर्षों के बीत जाने के बाद भी शुरू नहीं हुआ है. सरकार की ओर से वर्ष 2011 में ही धनबाद के धनसार, झरिया, मनाइटाड़ आदि जगह में लोगों की जमीन ली गई थी, जिसमें जमीन अधिग्रहण के मद में राज्य सरकार की ओर से 76 करोड रुपए की राशि को खर्च की गई थी.




