
Giridih: घर में सेमी ऑटोमेटिक अवैध पिस्तौल छिपाकर रखे अपराधी अलीमुद्दीन अंसारी उर्फ बसु को गिरिडीह के गांडेय थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी अलीमुद्दीन अंसारी को उसके खोरीमहुआ गांव के घर से दबोचने में सफलता पायी है. अलीमुद्दीन अंसारी के पास से जब्त लोडेड सेमीऑटोमेटिक पिस्तौल के साथ एक मैग्जीन और तीन मोबाइल भी जब्त किया हैं. इधर पूछताछ में गिरफ्तार अपराधी अलीमुद्दीन अंसारी ने कबूला कि वो इसी हथियार से कुछ दिन पहले जामतड़ा के नारायणपुर थाना इलाके में एक महिला से छीनतई की घटना के साथ कई और अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है.


गिरफ्तार अपराधी अलीमुद्दीन अंसारी को फिलहाल पुलिस ने जेल भेज दिया है. इधर एसपी को मिले गुप्त सूचना के आधार पर ही जिले के बेंगाबाद थाना पुलिस ने एक बाइक के साथ झपटामार गिरोह के दो अपराधियों को भी दबोचा है. गिरफ्तार अपराधियो में इसी थाना इलाके के बिझया गांव निवासी सुधाकर कुमार और दाउद अंसारी शामिल हैं. जानकारी के अनुसार इन दोनों अपराधियों ने ही पिछले 22 जुलाई को जिला मुख्यालय के खंडोली पर्यटन स्थल के प्रवेश द्वार में एक महिला से उसका पर्स छीन कर फरार हो गए थे. महिला के पर्स में एटीएम कार्ड के साथ नगद रुपए भी थे. घटना के बाद जब महिला ने थाना में केस दर्ज कराया, तो पुलिस जांच में जुटी.और जांच के क्रम में ही दोनों अपराधियों को पुलिस दबोचने में सफल रही थी.




